लखनऊ। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर संकटमोचक हनुमान जी के दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हनुमान मंदिरों में रंग-रोगन के साथ ही बिजली की झालरों से सजाया जा रहा है। भक्तों को जेठ की गर्मी से बचाने के लिए मंदिर परिसर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। टेंट लगाए गए हैं और फर्श पर कालीन बिछायी गई है। वहीं सुरक्षा के खास इंतजाम के साथ ही महिलाओं और पुरुषों के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिरों में सोमवार रात 12 बजे से ही दर्शन शुरू हो जाएंगे। इस दौरान शहर भर में हजारों स्थानों पर भंडारे, सुंदरकांड का पाठ और जागरण भी होंगे।
अलीगंज हनुमान मंदिर
अलीगंज नया हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल से पूर्व सोमवार रात 12 से हनुमान जी के दर्शन शुरू हो जाएंगे। इस दौरान लेटकर परिक्रमा करने वाले भक्तों को पहले दर्शन कराया जाएगा। अलीगंज श्री महावीर जी ट्रस्ट के सचिव राजेश कुमार पाण्डेय (रिटायर आईपीएस) ने बताया कि मंगलवार सुबह छह आरती और फिर हनुमान जी को बाल भोग लगाया जायेगा। फिर 8.30 बजे से 10 बजे तक प्रसाद वितरण किया जायेगा। बड़े मंगलवार को हनुमान जी को स्वर्ण मुकुट धारण कराया जायेगा। इस बार मंदिर के मुख्य द्वारा का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। इसलिए भक्तों को इसी द्वार से प्रवेश दिया जाएगा। निकासी के लिए नया मार्ग मंदिर के पीछे बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पर्यटन विभाग व ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से आने वाले भक्तों की संख्या की गणना भी करायी जाएगी। जिससे आने वाले मंगलवार को भक्तों की संख्या के अनुसार उनकी सुरक्षा और सुविधाएं बढ़ायी जा सकें। एक अनुमान के अनुसार बीते वर्ष पहले बड़े मंगल को लगभग पांच लाख भक्तों ने दर्शन किए थे।
हनुमान सेतु मंदिर में आज मध्य रात्रि से दर्शन शुरू
श्री संकट मोचन हनुमान जी मंदिर, हनुमान सेतु में भी सोमवार मध्य रात्रि 12 बजे से दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे और मंगलवार रात्रि 12 बजे चलता रहेगा। भक्तों का प्रवेश परिक्रमा पथ प्रवेश द्वार से होगा और गणेश द्वार की ओर से निकासी होगी। मंदिर के अन्य द्वार बंद रहेंगे। दर्शनार्थियों के वाहनों का प्रवेश गोमती ब्रिज की ओर से होगा और पार्किंग से निकासी न्यू हैदराबाद की ओर से होगी। पार्किंग के भर जाने पर वाहन कॉल्विन कॉलेज औश्र अपार्टमेंट के सामने रोड साइट खड़े किए जाएंगे। उनकी निकासी लखनऊ यूनिवर्सिटी की ओर होगी। मंदिर ट्रस्ट ने भक्तों से अपील की है कि वह बहुमूल्य वस्तुएं पर्स, बैग, किसी प्रकार का अस्त्र या कोई आपत्तिजनक वस्तु लेकर मंदिर में प्रवेश न करें। छाछी कुआं में भक्तों के लिए एसी और कूलर शहर के सबसे पुराने में मंदिरों में एक मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास स्थित छाछी कुआं हनुमान मंदिर में भक्तों की गर्मी से राहत देने के लिए एसी और कूलर की व्यवस्था की गई है। मंदिर के पुरजारी राघवेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह साढ़े चार बजे खुल जाएंगे। आरती के साथ ही भक्त दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में पुताई और सफाई का काम जोरो पर है। वहीं पांचों मंगल भंडारे और प्याऊ लगाये जाएंगे।
मंदिरों में होगी भजन संध्या और सुंदर कांड का पाठ
राणा प्रताप मार्ग श्री हनुमंत धाम मंदिर में पहले बड़े मंगल पर सुंदरकांड का पाठ, भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं दर्शन के लिए मंदिर के कपाट भोर में ही खुल जाएंगे। दोपहर दो बजे से प्रसाद वितरण शुरू हो जाएगा। श्री हनुमान जी मंदिर अमीनाबाद में भी सोमवार रात्रि 12 बजे से बजरंग बली बाबा के दर्शन प्रारंभ हो जाएंगे। मंदिर को रंगबिरंगी बिजली की झलरों और फूलों से सजाया जा रहा है। पक्का पुल स्थित प्राचीन लेटे हुए हनुमान जी मंदिर पहले मंगलवार को सुबह पांच बजे मंगला आरती होगी। इसके साथ ही दर्शन शुरू हो जाएंगे। इसके बाद हनुमान जी को सिंदूर लेपन होगा। आरती और फिर भंडारा होगा। शाम को सुंदर कांड का पाठ और भजन कीर्तन होंगे। वहीं रात्र साढ़े आठ बजे संध्या महाआरती होगी। इस बार जेठ माह में 8 मंगलवार मंगल पड़ रहे हैं। जेठ माह की शुरूआत 2 मई से हो गयी है। पहला मंगल 5 मई, दूसरा 12 मई, तीसरा 19 मई, चौथा 26 , पांचवा मंगल 2 जून , 9 जून , 16 जून , 23 जून को पड़ेगा। ऐसी मान्यता है कि बड़े मंगल पर हनुमान जी पूजा-अर्चना और ध्यान करने से भक्तों को जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
अमीनाबाद हुनमान मंदिर:
अमीनाबाद हनुमान मंदिर बड़े मंगल पर रंग बिरंगी झालरों से सजाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री विजय पाठक ने बताया कि बड़े मंगल पर मेले का आयोजन होगा। बजरंगबली को 51 किलो बेसन के लड्डू का भोग लगेगा।
पातालपुरी हनुमान मंदिर में लगेगा 56 व्यंजन का भोग:
पक्का पुल स्थित श्री अहिमर्दन पातालपुरी हनुमान जी मंदिर में सुबह सिंदूर लेप कर शृंगार किया जाएगा। कोषाध्यक्ष ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि सुबह 9 बजे आरती उतारी जाएगी। बजरंगबली को 56 व्यंजन का भोग लगाया जाएगा। सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन होगा।
चौक के कोतवालेश्वर हनुमान मन्दिर:
पुजारी विशाल गौड़ ने बताया कि बड़े मंगल पर हनुमान जी को सिन्दूर और चमेली के तेल से लेप होगा। मशीन द्वारा निकले चांदी के वर्क से भगवान का शृंगार होगा। मन्दिर के बाहर भण्डारे का आयोजन भी होगा।
बालाजी मन्दिर:
तालकटोरा स्थित बालाजी मन्दिर पर जेठ के सभी मंगलों को सोने, चांदी के वर्क से बाबा का शृंगार होगा। शाम को भजन संध्या का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा चारबाग के त्रिलोचन हनुमान मन्दिर, हजरतगंज के हनुमान मन्दिर, रकाबगंज चैराहा स्थित हनुमान मन्दिर, इन्दिरानगर सी ब्लाक हनुमान मन्दिर, कुर्सी रोड व बीरबल साहनी मार्ग के पंचमुखी हनुमान मन्दिर, पक्कापुल स्थित लेटे हुये हनुमान मन्दिर, दुबग्गा के बरदानी हनुमान मन्दिर में बड़े मंगल पर भक्त जुटेंगे।
शहर के हनुमान मंदिरों में तैयारियां पूरी, जगह-जगह लगेंगे भंडारे
लखनऊ। पवनसुत के गुणगान के लिए जहां मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं वही भक्तों की ओर से श्रृंगार करने का कार्य सोमवार दोपहर बाद से ही शुरू हो गया। पक्कापुल स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में एक क्विंटल फूलों से श्रृंगार शुरू होगा तो अलीगंज के नए हनुमान मंदिर के कपाट सोमवार को ही खोल दिए जाएंगे।
मंगलवार को मध्यरात्रि तक भक्तों के लिए मंदिर के कपाट खुले रहेंगे। पहले दिन देशी विदेशी पांच क्विंटल फूलों से बजरंगी का गुणगान होगा। अलीगंज के पुराने व नए मंदिरों में परिक्रमा करने वालों के लिए विशेष इंतजाम किए गए जाएंगे। हनुमान सेतु मंदिर के आचार्य चंद्रकांत द्विवेदी ने बताया कि सुरक्षा के साथ दर्शन का इंतजाम होगा। हजरतगंज स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिरए बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के अलावा लेटे हुए हनुमान मंदिर पर भी श्रद्धालुओं के दर्शन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जेठ के सभी मंगल पर सजावट की बुकिंग फुल:
हनुमान सेतु मन्दिर में सफाई रंगाई पुताई का कार्य पूरा हो चुका है। जेठ के मंगल के शृंगार की बुकिंग फुल हो चुकी है। मन्दिर के बड़े पुजारी ने बताया कि हर बार जेठ के मंगल को एक भक्त द्वारा ही बुकिंग होती थी लेकिन इस बार भक्तों की श्रद्धा को देखते हुए 5-6 भक्तों को हनुमान जी के शृंगार कराने का मौका दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी बड़े मंगल पर हनुमान जी का दो-दो घंटे पर शृंगार बदला जायेगा। बड़े पुजारी ने बताया कि जेठ के सभी मंगल पर मन्दिर परिसर को एयरकंडीशन किया जायेगा। जिससे भक्तों को गर्मी में काफी राहत मिलेगी। मन्दिर सोमवार की रात 12 बजे खुल जाएगा। जो मंगल को रात 12 बजे बन्द होगा। उन्होंने बताया कि मन्दिर के बाहर कई समाजसेवियों द्वारा भण्डारे और प्याऊ की व्यवस्था की जाएगी। मंगल के दिन विश्वविद्यालय मार्ग स्थित मन्दिर का द्वार बन्द रहेगा। उस दिन बंधा मार्ग के गणेश द्वार से दर्शन होंगे।





