सौ से अधिक धर्मावलंबियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
लखनऊ। जैन धर्म के पूज्य दिगंबर संत आचार्य सुबल सागर महाराज के सानिध्य में इन्दिरा नगर जैन मंदिर में चल रहे सात दिवसीय श्रावक संस्कार शिविर का बुधवार को समापन हुआ। उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान एवं इंदिरा नगर दिगंबर जैन सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में सौ से अधिक धर्मावलंबियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान संतों के निर्देशन में पंडित दौलत राम द्वारा रचित ‘छहढाला’ (जो जैन सिद्धांत का प्रारंभिक सार है) का गहन अध्ययन कराया गया। इसके उपरांत शिविरार्थियों की परीक्षा भी ली गई। समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। परीक्षा में 50 में से पूरे 50 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पर सुशीला जैन को श्रीमती ज्योति जैन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इससे पूर्व, प्रात: काल इंदिरा नगर स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का भव्य अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। शांतिधारा करने का परम सौभाग्य संचित जैन एवं सनत जैन को प्राप्त हुआ। आचार्य श्री ने मंत्रोच्चार के साथ शांतिधारा का वाचन किया गया, जिसमें विश्व शांति की मंगल कामना की गई। जैन समाज के महासचिव अभिषेक जैन ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री का मंगल विहार गुरुवार को प्रात: 5:00 बजे श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, गुड़ंबा के लिए होगा। इस अवसर पर रोहित, अतिशय, अनुरोध, भरत, दिव्य, आयुष, ऋषभ और अरविंद सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





