लखनऊ। राजधानी में बुधवार को पद्मिनी एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्य आयोजन डालीगंज स्थित श्री राधाकृष्ण किरोड़ीमल मन्दिर में आयोजित किया गया। इस मौके पर मंदिर के पुजारी पीयूष मिश्रा की अगुआई में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें संगीतमय चौपाइयों पर श्रद्धालु झूम उठे। इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से मंजू अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, भारती अग्रवाल, अलका, दीपिका बंसल विधि, उषा अग्रवाल और निरुपमा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु मौजूद रहीं। समापन पर मंदिर में महाआरती का आयोजन हुआ और उपस्थित भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
पद्मिनी एकादशी का महत्व अनंत: आनंद दुबे
सीतापुर रोड स्थित हाथी बाबा मंदिर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आनंद दुबे ने एकादशी की महिमा का बखान करते हुए कहा कि अधिकमास (मलमास) में आने वाली पद्मिनी एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। यह एकादशी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस दिन व्रत रखने और भगवान लक्ष्मीनारायण की आराधना करने से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं। जो फल वर्षों की कठिन तपस्या और यज्ञों से प्राप्त नहीं होता, वह पद्मिनी एकादशी का व्रत श्रद्धापूर्वक रखने से सहज ही मिल जाता है। यह व्रत जीवन में सुख, समृद्धि और अंत में मोक्ष प्रदान करने वाला है।





