जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 सितंबर (बृहस्पतिवार) को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जयपुर के सिपेट पेट्रोरसायन प्रौद्योगिकी संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह राजस्थान के बांसवाडा, सिरोही, हनुमानगढ़ और दौसा जिलों में चार नए चिकित्सा महाविद्यालयों की आधारशिला भी रखेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार इन मेडिकल कॉलेजों को जिला रेफरल अस्पतालों से जुडे नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के लिये केन्द्र प्रायोजित योजना के तहत स्वीकृत किया गया है। चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना में पिछडे एवं वांछित जिलों को प्राथमिकता दी जाती है। राजस्थान सरकार के साथ भारत सरकार ने सिपेट पेट्रोरसायन प्रौद्योगिकी संस्थान जयपुर की स्थापना की है। यह आत्मनिर्भर है और पेट्रोरसायन तथा संबद्ध उद्योगो की जरूरतो को पूरा करने के लिये समर्पित है। यह युवाओं को कुशल तकनीकी पेशेवर बनने के लिये शिक्षा प्रदान करेगा। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहेंगे।
लेखक रघुवेंद्र तंवर ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात, विभाजन पर अपनी पुस्तक पर की चर्चा
नयी दिल्ली। लेखक और शिक्षाविद रघुवेंद्र तंवर ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और भारत विभाजन पर आधारित अपनी पुस्तक को लेकर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने इसके लिए तंवर की सराहना की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि तंवर ने भारत विभाजन और इसके इतिहास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने कार्यों को लेकर चर्चा की और यह चर्चा बहुत अच्छी रही। उन्होंने कहा, वह कुशाग्र बुद्धि वाले हैं और इतिहास के प्रति उनके जज्बे को देखकर खुशी हुई।





