लखनऊ। राज्य विश्वविद्यालयों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में संचालित नशा मुक्त अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के वास्तुकला एवं योजना संकाय द्वारा शुक्रवार, को संकाय परिसर में नशा मुक्ति विषयक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक, रचनात्मक एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संकाय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गईं तीन प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से नशे की गिरफ्त में फंसते युवा जीवन, व्यक्ति और परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशे के कारण उत्पन्न होने वाली सामाजिक समस्याओं को संवेदनशीलता एवं प्रभावशाली संवादों के साथ मंचित किया। प्रस्तुतियों में यह भी दशार्या गया कि नशे की आदत किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है तथा समय रहते इससे दूर रहना ही स्वस्थ और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर संकाय की अधिष्ठाता डॉ. वंदना सहगल ने कहा कि, युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नशा व्यक्ति की प्रतिभा और संभावनाओं को कमजोर करने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों द्वारा नाट्य कला के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देना अत्यंत सराहनीय पहल है। कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से दिया गया सामाजिक संदेश अधिक प्रभावी और दूरगामी होता है। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल अकादमिक रूप से ही सक्षम न बनें, बल्कि सामाजिक रूप से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी विकसित हों।
विभागाध्यक्ष प्रो. रितु गुलाटी ने कहा कि, नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी अथवा संस्थागत प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। नाटक समाज की वास्तविकताओं को सामने लाने और लोगों को सोचने के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। हमारे विद्यार्थियों ने जिस संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ नशे के दुष्परिणामों को मंच पर प्रस्तुत किया, वह उनके सामाजिक सरोकार और रचनात्मक सोच को दशार्ता है। हमें विश्वास है कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में ड्रामा क्लब के छात्र समन्वयक शौर्य सक्सेना एवं अंकिता अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कार्यक्रम की मीडिया एवं दस्तावेजीकरण टीम में तृतीय वर्ष के विद्यार्थी सरोश रैनन जॉन, ताहा बिन हसन, मान्या वासन एवं मयंक वर्मा शामिल रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण का दायित्व संभाला। इस कार्यक्रम में संकाय के सभी प्राध्यापक,कर्मचारी और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
वास्तुकला एवं योजना संकाय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया। नाट्य कला के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति, संवाद क्षमता और सृजनात्मकता का प्रदर्शन करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिला। कार्यक्रम में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि युवा शक्ति को नशे जैसी विनाशकारी प्रवृत्तियों से बचाकर रचनात्मकता, शिक्षा, कला और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार है।





