युवा प्रकोष्ठ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
लखनऊ। उत्तराखण्ड महापरिषद की आम सभा की बैठक शनिवार सायं 05:00 बजे महापरिषद के मोहन सिंह बिष्ट सभागार में अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारम्भ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन एवं दो मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने शहीदों के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
आम सभा में अध्यक्ष हरीश चन्द्र पंत की अध्यक्षता में आगामी उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 के सफल आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि महोत्सव का आयोजन 09 नवम्बर से 22 नवम्बर, 2026 तक पूर्व वर्षों की भाँति भव्य एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया जाएगा। बैठक में महोत्सव की रूपरेखा, पारम्परिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, उत्तराखण्डी व्यंजन, हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त उत्तराखण्ड स्मारिका के विशेषांक के प्रकाशन, महोत्सव के लिए सहयोग एवं प्रायोजन (ैचवदेवते) प्राप्त करने, विज्ञापन एवं शुभकामना संदेश संकलित करने की रणनीति भी निर्धारित की गई। बैठक में महेश चन्द्र पाण्डेय, चुनाव अधिकारी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड महापरिषद के युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। सभी पदाधिकारियों ने उत्तराखण्ड महापरिषद के संविधान में पूर्ण आस्था रखते हुए संगठन के उद्देश्यों एवं हितों की पूर्ति के लिए निष्ठापूर्वक कार्य करने तथा महापरिषद द्वारा सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि वे प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से ऐसा कोई कार्य नहीं करेंगे, जो महापरिषद के हितों के विपरीत हो।
इस अवसर पर महापरिषद की केन्द्रीय कार्यकारिणी, महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ, खेल प्रकोष्ठ, आजीवन सदस्य, सामान्य सदस्य, सलाहकार मण्डल, संरक्षक मण्डल तथा अन्य सम्मानित सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 को भव्य, सफल एवं जनसहभागिता आधारित आयोजन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।





