गीतों पर कलाकारों ने नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं
लखनऊ। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था उड़ान के तत्वावधान में आज शाम बौद्ध शोध संस्थान प्रेक्षागृह गोमती नगर लखनऊ में स्वर कोकिला लता मंगेशकर एवं स्व.आशा भोसले की स्मृति में आयोजित ‘ तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे-5 ‘ कार्यक्रम में अनेक विभूतियां उड़ान लता मंगेशकर सम्मान से सम्मानित हुईं।
समारोह में मुख्य अतिथि नम्रता पाठक और सरिता सिंह ने पद्मश्री डॉ.एस.एन.कुरील, बिपिन कुमार ( निर्देशक भारतेंदु नाट्य अकादमी), मुक्ता चटर्जी, डॉ.मालविका हरिओम (गायिका), पं.रविनाथ मिश्रा (तबला वादक) और डॉ आकांक्षा श्रीवास्तव (कथक गुरु) को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर पांचवें उड़ान लता मंगेशकर सम्मान से सम्मानित किया। इसके पूर्व स्वर कोकिला लता मंगेशकर एवं स्व.आशा भोसले के गाए गीतों पर कलाकारों ने नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देकर कलाप्रेमी दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस अवसर पर एमएलसी पवन सिंह चौहान, पद्मश्री विद्या बिन्दु सिंह, पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, उस्ताद युगान्तर सिंदूर, प्रभुनाथ राय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन प्रदीप और धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र यादव ने दिया।





