भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में सुबह आठ बजे से मध्यरात्रि तक बंद बुलाया गया है।
रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विधानसभा की ओर मार्च कर रहे अभ्यर्थियों पर सोमवार को हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए बंद से मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। राजधानी रांची समेत कई शहरों में वाहनों की आवाजाही कम रही, जबकि अधिकतर स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।पुलिस के अनुसार, रांची के किशोरगंज, अरगोड़ा और कांके इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम कीं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हरमू चौक और किशोरगंज चौक पर टायर जलाए गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि सोमवार को प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में सुबह आठ बजे से मध्यरात्रि तक बंद बुलाया गया है। आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है।
भाजपा ने पुलिस कार्रवाई को छात्रों के खिलाफ अत्याचार करार देते हुए झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि वह अभ्यर्थियों की शिकायतों का समाधान करने के बजाय बल प्रयोग कर रही है। पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग का भी समर्थन किया।इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए विधानसभा मार्च निकालने की घोषणा की। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा परिसर तक मार्च निकालने की बात कही।
सोमवार को हजारों अभ्यर्थी विधानसभा मार्च में शामिल हुए थे। इस दौरान कई अवरोधक तोड़े गए और प्रदर्शनकारियों की पुलिसकर्मियों से झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई में घायल होने का दावा किया, जबकि पुलिस ने कहा कि 14 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस ने जगन्नाथपुर मंदिर के पास पानी की बौछार की और विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े।छात्र और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार, कुछ परीक्षाओं को रद्द करना तथा सीबीआई या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की समिति से स्वतंत्र जांच शामिल है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है और समाधान बातचीत से निकाला जाना चाहिए। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता और संवेदनशीलता से विचार करेगी। उन्होंने विपक्ष पर आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने का आरोप लगाया।
भर्ती परीक्षा विवाद के बीच प्रवर्तन निदेशालय ने जेएसएससी-सीजीएल समेत कई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में धनशोधन की जांच शुरू की है। वहीं, झारखंड सीआईडी ने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल. खियांग्ते को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में राज्य एजेंसी द्वारा गिरफ्तार लोगों की संख्या 20 हो गई है। इसी बीच, नौ दिन से भूख हड़ताल पर बैठे जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सरकार ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों की कई मांगें पहले ही मानी जा चुकी हैं और भर्ती परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाने के लिए वह प्रतिबद्ध है।





