लखनऊ। उत्तर प्रदेश साहित्यसभा के महिला प्रकोष्ठ द्वारा आज लेखिका निधि बाजपेयी के प्रथम उपन्यास हॉस्टल का लोकार्पण समारोह प्रेस क्लब में आयोजित हुआ। अध्यक्ष वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ सृष्टि श्रीवास्तव मुख्य अतिथि आकाशवाणी की निदेशक सुमोना पांडेय, वरिष्ठ लेखिका डॉ करुणा पांडेय व शर्मिला सिंह ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कथाकार शिवमूर्ति जी विशेष रूप से उपस्थित थे। उपन्यास में सास बहू के रिश्ते का सौंदर्य अप्रतिम ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कवयित्री रश्मि लहर ने स्वागत भाषण दिया। करुणा पांडेय ने हॉस्टल की समीक्षात्मक व्याख्या की। पायनियर स्कूल की प्रधानाचार्या शर्मिला सिंह ने पुस्तक की भाषा और उसके प्रवाह पर अपनी बात रखी। मुख्य अतिथि सुमोना पांडेय ने उपन्यास को सामाजिक आलोक में रख कर एक श्रेष्ठ पुस्तक बताया। अध्यक्ष डॉ सृष्टि श्रीवास्तव ने होस्टल को आधार रखते हुए रिश्तों का अत्यंत स्पष्ट मनोवैज्ञानिक विश्लेषण किया। लेखिका निधि बाजपेयी ने पुस्तक की रचना प्रक्रिया के बारे में बताया।
इस समारोह का संचालन रश्मि शरद व संयोजन प्रतिभा श्रीवास्तव तथा श्वेता मनस्वी ने किया। वर्षा श्रीवास्तव की वाणी वंदना के बाद वक्तव्य शुरू हुआ। वक्ताओं के अतिरिक्त प्रो नेहा श्री, मुकुल महान, रेणु वर्मा, सरोज बाला, राजीव वत्सल, अरविंद झा, योगी योगेश, प्रमोद श्रीवास्तव, आलोक रावत सहित नगर के सौ से भी अधिक साहित्यकार व गणमान्य जन एकत्र हुये।





