ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी के हनुमान मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, शहर में जगह-जगह लगे भंडारे
लखनऊ। ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा मंगल श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया गया। भोर होते ही शहर के सभी हनुमान मंदिरों में जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपीस तिहु लोेक उजागर, जय जय जय हनुमान गुसार्इं कृपा करहुं गुरुदेव की नार्इं नामक चौपाइयां फिजा में गूंजने लगी। हर कोई सुबह सुबह बजरंगबली के दर्शन के लिए हनुमान मंदिरों की ओर बढ़ चला। शहर भर के मंदिरों में पूरे विधि विधान के साथ बजरंगबली की पूजा श्रद्धा सत्कार के साथ की गयी। रात 12 बजे से ही भक्त बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मारुतिनंदन के दर्शन के लिए कतार में लग गए। अलीगंज हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु आदि बजरंगबली के मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की हुजूम उमड़ पड़ा। भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंगबाण का पाठ कर सुख समृद्धि की कामना की। पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर हनुमान भक्तों के जयकारे से गूंज उठे।
बजरंगबली का हुआ भव्य शृंगार:
अलीगंज हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। दिन भर में 11 बार चोला बदला गया। मंगलवार भोर में 12 बजे मंदिर का खुला कपाट मंगलवार रात 12 बजे बंद हुआ। 36 घण्टे लगातार भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर के कार्यालय अधीक्षक राकेश दीक्षित ने बताया कि बजरंगबली को 2.5 कुंतल लड्डू, एक हजार कालाजाम, सब्जी-पूड़ी और हलवा का भोग लगाया गया। मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के दरबार पहुंचकर हाजिरी लगाई। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित भंडारे में तीन तरह की सब्जी-पूड़ी, रायता और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।
भोर होते ही लगी भक्तों की लंबी कतार:
लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में भोर से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी। मंगलाआरती के साथ मंदिर के कपाट खुले, और सुबह और शाम बजरंगबली की भव्य आरती हुई। भक्तों ने जय श्री राम और पवनसुत हनुमान के जयकारे लगाए। मंदिर के ने कहा कि ज्येष्ठ माह के सभी बड़े मंगल पर बजरंगबली की अपने भक्तों पर खास कृपा होती है। सच्चे मन से प्रभु के दरबार में सिर झुकाने से संकटमोचन भक्तों के सारे संकट हर लेते हैं। मन्दिर की ओर से करीब 75 हजार लड्डू बनवाए गए थे। मन्दिर आने वाले भक्तों को एक-एक लड्डू प्रसाद स्वरूप दिया गया।
कोनेश्वर महादेव मंदिर:
चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर में सुबह और शाम बजरंगबली की आरती हुई। सुबह पांच बजे से ही भक्त बजरगंबली के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। बजरंगबली को 101 किलो बूंदी का भोग लगाया गया। कोनेश्वर महादेव प्रबंधक कमेटी की ओर से मंदिर के बाहर भण्डारे का आयोजन हुआ। सुबह से लेकर शाम तक सब्जी पूड़ी का प्रसाद बांटा गया। शाम को भजन मण्डली की ओर से सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ।
दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर:
हजरतगंज में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में सुबह से भक्तों की काफी भीड़ रही। यह सिलसिला दोपहर 12 बजे तक चलता रहा। उधर शाम छह बजे के बाद नरही, लालबाग, हुसैनगंज सहित शहर के दूरदराज से आये भक्तों की लाइन लग गई। मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। मंदिर के बाहर समाजसेवियों ने भक्तों के लिए भंडारे और प्याऊ की व्यवस्था की।
अमीनाबाद हुनमान मंदिर में सिन्दूर और चांदी के वर्क से हुआ शृंगार:
अमीनाबाद हनुमान मंदिर बड़े मंगल 4 बजे मंदिर के कपाट खोल दिये गये। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती हुई। 11:30 बजे सब्जी-पूड़ी, हलवा, चना, बूंदी और भोग लगाकर आरती उतारी गयी। मंदिर के प्रधान पुजारी श्याम पाठक ने बताया कि बजरंगबली का सिन्दूर, चांदी के वर्क से श्रृंगार किया गया। शाम को सुंदरकाण्ड का पाठ आयोजित किया गया।
हनुमान मंदिरों में हुआ चालीसा का पाठ:
इस अवसर पर राजधानी के विभिन्न हनुमान मंदिरों में आरती, पूजन और फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके बाद मंदिरों के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए। तेज धूप और गर्मी भी भक्तों की आस्था के आगे रुकावट नहीं बन सकी। भक्त तड़के ही दर्शनों के लिए पहुंचने लगे। इस दौरान मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड आदि पाठ का आयोजन किया गया। मंदिरों में दर्शन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
तीसरे बड़े मंगल पर बांटा भण्डारे का प्रसाद :
आलमबाग, जेष्ठ के तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर कृष्णा नगर इलाके स्थित न्यू इन्द्रलोक पर व्यापारियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर भण्डारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे लखनऊ व्यापार मंडल के चेयर मेन राजेंद्र अग्रवाल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा पूर्व महापौर संयुक्त भाटिया, पूर्व सदस्य विधान परिषद अरविंद त्रिपाठी उर्फ गुड्डू त्रिपाठी सहित लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ मंत्री मनीष अरोड़ा सहित व्यापारियों प्रशांत वर्मा मानस रस्तोगी कंचन रस्तोगी प्रिया, उदिता आरती सौम्या अभिजीत प्रमिल सोनी वर्मा ने जय श्री राम के नारे लगा भण्डारे का प्रसाद आलू पूरी बूंदी का वितरण किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह के रूप में श्री हनुमान जी की प्रतिमा भेट कर सम्मानित किया।
11 प्रकार के अनाज से हुआ हनुमान जी का शृंगार
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार को लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में गेहूँ, जौ, चना, पाँच मेल की दाल, बाजरा, चावल और धान कुल ग्यारह मेल के अनाज से प्राचीन श्री लेटे हुए हनुमान जी का श्रृंगार किया गया ।
भोग में श्री हनुमान जी को छप्पन मेल का मीठा, गुड की खीर और 21 किलो का लड्डू चढ़ाया गया । भंडारे में जहाँ समोसा, छोला, खस्ता और इमरती बांटी गई -वहीं गर्मी को देखते हुए ठंडे केवड़े जल के साथ शरबत और आम के पने का भी वितरण हुआ । शाम को बच्चों को टॉफी बाटी गई -वही एक भक्त द्वारा आइसक्रीम का भी वितरण किया गया ।
रात्रि को हनुमान जी की भव्य महाआरती मुख्य सेवादास डॉ विवेक तांगड़ी द्वारा की गई ,तो वही शनि जयंती के अवसर पर रात्रि को काले उड़द की खिचड़ी का भोग लगाकर शनि देव का श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से ट्रस्ट के सेवादार डॉ पंकज सिंह भदोरिया ,रिद्धि किशोर गौड़, आशीष अग्रवाल, लवलीन खोसला, अखिलेश कुमार, जगदीश श्रीवास्तव, अलकेश सोती, राहुल मल्होत्रा सुरेंद्र अजय मेहरोत्रा, राजेश आनंद, प्रहलाद अग्रवाल सहित सैकड़ों भक्त उपस्थित रहे ।
भक्तों ने प्रसाद में बांटी पूड़ी-सब्जी, लगे जयकारे
लखनऊ। ज्येष्ठ महीने के तीसरे बड़े मंगल पर शहर में हर छोटे-बड़े हनुमान मंदिर पर भक्तों का सुबह से भीड़ लगी रही। हर कोई हाथों में प्रसाद और फूल-माला लेकर बजरंगबली के दर्शनों के लिए व्याकुल था। इस मौके पर शहर के लगभग हर गली-चौराहे पर प्रसाद वितरण हो रहा था। कहीं पर भंडारा चल रहा था, तो कहीं शरबत पिलाया जा रहा था। मंदिर परिसर में लगी दुकानों पर भीड़ किसी मेले से कम नहीं थी। महिलाएं जहां श्रृंगार का सामान खरीदने में लगी हुई थी। वहीं, छोटे-छोटे बच्चे खिलौने खरीदने के लिए मचल रहे थे। आलमबाग के संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा और हनुमानाष्टक पाठ का चल रहा है।
विकास नगर में भंडारा:
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगलवार को डा. आरसी उप्रेती और पुष्पा उप्रेती द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भंडारा आयोजित किया गया। विकास नगर में स्थित शिवा हॉस्पिटल पर आयोजित भंडारे में भक्तों ने पूड़ी सब्जी, हलवा व बूंदी का प्रसाद चखा।
सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ भंडारा:
सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था जीवन ज्योति सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में आज दोपहर बी- ब्लॉक सूरज दीप कॉमप्लेक्स, 1 जॉपलिंग रोड, लखनऊ में ज्येष्ठ मास के तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित बड़ा मंगल भंडारे में उपमुख्यमंत्री, परिवाहन मंत्री व पूर्व सांसद शामिल हुए।
प्रात:काल हनुमान जी की पूजा-अर्चना और सुंदरकांड का पाठ हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री, परिवाहन मंत्री, पूर्व सांसद, जीवन ज्योति सेवा फाउंडेशन की अध्यक्ष ज्योति सिंह और उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने हनुमानजी को भोग लगाया और भंडारे में बजरंगबली का प्रसाद पूड़ी, सब्जी, मट्ठा, बूंदी, केला, सेब का वितरण श्रद्धालु भक्तों और जरुरतमंदों में किया।





