नयी दिल्ली। स्विगी के स्वामित्व वाले त्वरित वाणिज्य मंच इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमितेश कुमार झा ने इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। कंपनी सूचना के अनुसार, नंदिता सिन्हा तीन अगस्त 2026 से मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पद संभालेंगी। नंदिता सिन्हा इससे पहले मिंत्रा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) थीं।
झा ने स्विगी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) श्रीहर्ष मजेटी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा, मैं संगठन के बाहर अन्य अवसरों को अपनाने के लिए इंस्टामार्ट के सीईओ पद से इस्तीफा देता हूं। वहीं नई जिम्मेदारी के बारे में सिन्हा ने कहा,इंस्टामार्ट भारत में लोगों की रोजर्मा की खरीदारी के केंद्र में है। मैं अपने सहयोगियों, भागीदारों और उपभोक्ताओं के साथ मिलकर इसकी वृद्धि के अगले चरण को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हूं।





