मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना क्षेत्र में रविवार को भारी बारिश के दौरान ढहे एक मकान के मलबे में दबने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य घायल हो गए। उप जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने यहां बताया कि फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में बारिश के दौरान एक मकान ढहने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान इस्लाम (75), अहद (पांच), रुखसार (11), अलशिफा (सात) और जीशान (दो) के रूप में हुई है। कुमार ने बताया कि इस घटना में घायल हुए पांच अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब भारी बारिश के दौरान घर में लोग खाना खा रहे थे। कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिये हैं।





