कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ
बड़े मंगल के पावन अवसर पर सरदार भगत सिंह विद्यालय (अवध कॉलेजिएट की एक इकाई)में सुंदर काण्ड का आयोजन बहुत ही श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ किया गया। विद्यालय के प्रबंधक सर्वजीत सिंह एवं निदेशिका जतिंदर वालिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं शीतल जल वितरण की व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों ने बड़े मंगल के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सेवा, परोपकार एवं मानवता का संदेश दिया।
प्रबंधक महोदय एवं निदेशिका ने अपने संबोधन में कहा कि बड़े मंगल का पर्व हमें नि:स्वार्थ सेवा, समर्पण एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की सभी शाखाओं की प्रधानाचायार्एं , निरीक्षण दल एवं सेक्शन प्रभारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सेवा एवं सद्भावना के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।





