गोमती तट पर आस्था का भव्य संगम
सनातन महासभा द्वारा आयोजित 152वीं आदि गंगा माँ गोमती महाआरती में उमड़ा जन सैलाब
लखनऊ। राजधानी के झूलेलाल वाटिका स्थित गोमती तट पर शनिवार को ‘सनातन महासभा’ द्वारा ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर 152वीं आदि गंगा माँ गोमती महाआरती एवं सनातन समागम का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति, शक्ति और सामाजिक संकल्प के इस अनूठे संगम में हजारों श्रद्धालुओं ने मां गोमती की आराधना की। सात मंचों से हुआ शंखनाद, भक्तिमय हुआ वातावरण स्वामी आनंद नारायण एवं राज्य सलाहकार स्वास्थ्य विभाग सतीश त्रिपाठी के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत सात भव्य मंचों से एक साथ हुए शंखनाद और मंत्रोच्चार के साथ हुई। सात आचार्यों द्वारा मां गोमती की विधि-विधान से उतारी गई महाआरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आरती के पश्चात जब 501 दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए, तो गोमती तट की आभा देखते ही बनी और वहां दीपावली जैसा जीवंत दृश्य उपस्थित हो गया। महाआरती से पूर्व विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर तंबाकू मुक्त यज्ञ’ व संकल्प का आयोजन किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण ने इस अवसर पर युवाओं को तंबाकू मुक्त प्रदेश’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति जोड़ने का कार्य करती है, इसीलिए आज यज्ञ कुंड के माध्यम से तंबाकू मुक्त प्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया गया है और सरकार से मांग है कि धार्मिक स्थलों व शिक्षा केंद्रों के आस पास से पान/तंबाकू की दुकान हटाई जाए और बच्चों ने तंबाकू मुक्त प्रदेश विषयक निबंध/चित्रकला/स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में धर्म विस्तार और सामाजिक सेवा के संकल्प के साथ पदाधिकारियों को गंगाजल और कृपाण भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कथक नृत्य की प्रस्तुति शुभम के साथ भजन गायिका शशि गुप्ता, मीरा तिवारी और गीता निगम के सुमधुर भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडवोकेट दीपक सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रवि कचरू, उमेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ल, पल्लवी सिंह, संजीव पांडेय, राकेश अग्रवाल, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, सुशील तिवारी, सुनीता गोस्वामी, अतुल तिवारी, रेनू शर्मा, तेजस्वी गोस्वामी और शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।





