बुद्ध पूर्णिमा : गोमती तट पर आस्था का भव्य संगम
सनातन महासभा द्वारा आयोजित 151वीं आदि गंगा माँ गोमती महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
सामाजिक सद्भाव यज्ञ और धार्मिक प्रतियोगिताओं के जरिए युवा पीढ़ी को जोड़ने की पहल
लखनऊ। राजधानी के झूलेलाल वाटिका स्थित गोमती तट पर शुक्रवार को ‘सनातन महासभा’ द्वारा बैशाख बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 151वीं आदि गंगा माँ गोमती महाआरती एवं सनातन समागम का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति, शक्ति और सामाजिक संकल्प के इस अनूठे संगम में हजारों श्रद्धालुओं ने मां गोमती की आराधना की और समाज को कुरीतियों से मुक्त करने की शपथ ली। सात मंचों से हुआ शंखनाद, भक्तिमय हुआ वातावरण स्वामी आनंद नारायण एवं सेंट्रल बार के कोषाध्यक्ष एडवोकेट दीपक सिंह के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत सात भव्य मंचों से एक साथ हुए शंखनाद और मंत्रोच्चार के साथ हुई। सात आचार्यों द्वारा मां गोमती की विधि-विधान से उतारी गई महाआरती ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। आरती के पश्चात जब 251 दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए, तो गोमती तट की आभा देखते ही बनी और वहां दीपावली जैसा जीवंत दृश्य उपस्थित हो गया। महाआरती से पूर्व भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर ‘सद्भाव यज्ञ’ का आयोजन किया गया। महासभा के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण ने इस अवसर पर युवाओं को ‘नशा मुक्त प्रदेश’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति जोड़ने का कार्य करती है, इसीलिए आज यज्ञ कुंड के माध्यम से ‘जाति मुक्त सनातन भारत’ के निर्माण का संकल्प लिया गया है। उपस्थित परिवारों ने आचार्यों की मौजूदगी में दो घंटे तक पूजन कर लोक कल्याण और पारिवारिक समृद्धि की कामना की। नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से रामायण, गीता और शरीर विज्ञान पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंत में धर्म विस्तार और सामाजिक सेवा के संकल्प के साथ पदाधिकारियों को गंगाजल और कृपाण भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर भजन गायिका शशि गुप्ता, मीरा तिवारी और गीता निगम के सुमधुर भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से एडवोकेट दीपक सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रवि कचरू, उमेश त्रिपाठी, सुधांशु शुक्ल, पल्लवी सिंह, संजीव पांडेय, राकेश अग्रवाल, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, सुशील तिवारी, सुनीता गोस्वामी, अतुल तिवारी, रेनू शर्मा, तेजस्वी गोस्वामी और शक्ति सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।





