इस शो के अबतक चार पूरे सीजन हो चुके हैं
लखनऊ। साल 2019 में शुरू हुआ गुल्लक आज भारत के मोस्ट पॉपुलर और सबसे पसंद किए जानेवाले शोज में शामिल हो गया है। इस शो के अबतक चार पूरे सीजन हो चुके हैं। वहीं, 5वें सीजन के पहले दो एपिसोड आज यानी 05 जून को रिलीज कर दिए गए हैं। मिश्रा परिवार की घर की कहानी एक बार फिर आपके दिलों में उतरने को तैयार है। मिश्रा निवास में पुताई हुई है। अब ये पुताई क्या-क्या रंग लाएगी ये देखना दिलचस्प होगा। पहले एपिसोड का नाम पुताई है। एपिसोड की शुरूआत अन्नू की मम्मी के एसी वाले कमरे से होती है जहां संतोष मिश्रा, अन्नू मिश्रा और शांति मिश्रा सो रहे होते हैं। अमन पढ़ाई करने के लिए कॉलेज जा चुका है। संतोष मिश्रा ने घर में पुताई का काम चालू करवाया है। वो पुताई वालों को अपने सवालों से परेशान करते भी नजर आते हैं। इधर अन्नू मिश्रा घर पर बैठे मीटिंग अटेंड कर रहे हैं। जैसा कि किसी मिडिल क्लास में होता है, मीटिंग के दौरान शांति मिश्रा और संतोष मिश्रा की बहस छिड़ जाती है और अन्नू मिश्रा घर औ मीटिंग दोनों की बातों में दिलचस्पी लेते नजर आते हैं। मम्मी पापा को सरप्राइज करने के लिए अमन मिश्रा भी अपने घर में आ धमकते हैं। अमन मिश्रा ज्योतिष विद्या में दिलचस्पी लेने लगे हैं। अमन मिश्रा कॉलेज से घर क्यों आए हैं, इसमें किसी राज की बू आ रही है। वहीं, अमन अपने घरवालों से अपनी ज्योतिष विद्या की दिलचस्पी वाली बात भी छिपाए रखने की कोशिश में हैं। पहले ही एपिसोड में मिश्रा परिवार की फेवरेट गुल्लक की जगह भी बदल दी हई है, क्योंकि अब घर में वाईफाई लग गया है। वाईफाई कौन लगाया है, ये जानकर आपको सीजन 1 की याद आ जाएगी। दूसरे एपिसोड का नाम नकली पनीर है। बिट्टू की मम्मी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने की शौकीन हो गई हैं। वो हर वक्त हाथ में कैमरा और स्टिक लिए नजर आती हैं। बिट्टू की मम्मी के इस नए फितूर के बीच मिश्रा परिवार में पिंकी मामा दस्तक देते हैं। बिट्टू की मम्मी और पिंकी मामा का आमना-सामना आपको हंसाएगा। पिंकी मामा मिश्रा जी के लिए पनीर लेकर आए हैं। संतोष मिश्रा पनीर खा ही रहे होते हैं कि बिट्टू की मम्मी कहती हैं कि ये पनीर नकली है। बिट्टू की मां की इतनी सी बात पर पिंकी और संतोष के बीच प्यार भरी नोकझोक शुरू हो जाती है। इधर अन्नू भैया के कभी बॉस रहे शशि रंजन अब उनके कॉम्पटीटर बन गए हैं। अन्नू भैया के सामने रीजनल मैनेजर बनने की रेस है। अब क्या उन्हें प्रमोशन मिलेगा या उन्हें कोई झटका लगेगा। पिंकी मामा बच्चों के बारे में कुछ ऐसी बातें संतोष और शांति मिश्रा को बताते हैं जो उन्हें नहीं पता होती हैं। ऐसे में शांति मिश्रा को चिंता होने लगी है कि अब उनके बच्चे कुछ भी उन्हें बताना जरूरी नहीं समझते हैं।





