जालौन । उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाले एक होर्डिंग पर कथित तौर पर गाय का गोबर लगाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि यह घटना कालपी कोतवाली क्षेत्र के कुरहना आलमगीर गांव में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।
उन्होंने बताया कि वीडियो में एक युवक मुख्यमंत्री की तस्वीर पर गोबर लगाता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति इसकी रिकॉर्डिंग कर रहा है। जांच में आरोपियों की पहचान गांव निवासी समीर और जितेंद्र के रूप में हुई है।गौरव पटेल की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने समीर को हिरासत में ले लिया है, जबकि वीडियो बनाने का आरोपी जितेंद्र फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।





