21 दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ एवं पंच धूनी अग्नि तपस्या का शुभांरभ
लखनऊ। राजधानी के आईआईएम रोड, सरौरा स्थित लखनऊ की पहली धर्मध्वजा तले प्राचीन बड़ी भुइयन माता मंदिर में तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। फूलों की वर्षा के बीच बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। रथ पर सवार हुए नागा साधु आनंद गिरि जी महाराज के सानिध्य में यात्रा गाजे-बाजे के साथ कठारा स्थित मां चंद्रिका देवी के दरबार पहुंची। महामाई को 21 दिवसीय हनुमत महायज्ञ व पंच धूनी अग्नि तपस्या अनुष्ठान का आमंत्रण दिया गया और उनकी पूजा सम्पन्न की। पुन: यात्रा का पूर्ण विराम अपने गंतव्य स्थल मंदिर में आकर हुआ। अगले क्रम में हनुमत महायज्ञ में अग्नि प्रवेश की प्रक्रिया करायी गयी। मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक एवं माता सेवक तपस्वी नागा साधु आनंद गिरी जी महाराज ने बताया कि यह आयोजन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक श्री महंत हरिगिरी जी महाराज व थानापति महंत मुन्ना गिरी जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है। छह जून को भण्डारा के साथ इस अनुष्ठान का समापन होगा।





