लखनऊ। वैशाख शुक्ल एकादशी को ‘मोहिनी एकादशी’ कहा जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण कर अमृत की रक्षा की थी। इस पावन तिथि पर व्रत रखने से जातक के सभी मोह-बंधन और पाप नष्ट हो जाते हैं।
यह उपवास मानसिक शांति और श्रीहरि की विशेष कृपा प्राप्त करने का उत्तम अवसर है। श्रद्धालु एकादशी का व्रत रख अगले दिन पारण मुहूर्त में अपना उपवास खोलते हैं। श्रद्धापूर्वक किया गया यह पूजन जीवन में सुख-समृद्धि और मोक्ष की राह प्रशस्त करता है। वैशाख शुक्ल एकादशी को ‘मोहिनी एकादशी’ पर सोमवार को शहर के मंदिरों में दर्शन-पूजन को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। घरों में भी महिलाओं ने मोहिनी एकादशी व्रत रखकर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा की। बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में मोहिनी एकादशी पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री रूपेश अग्रवाल ने बताया कि इस दिन खाटू श्याम बाबा का फूलों से भव्य शृंगार कर पूजन-आरती की गई। भोग लगाया गया। इसके बाद मंदिर आने वाले भक्तों को भी प्रसाद वितरण के साथ ही फलों के रस से बने शर्बत का वितरण किया गया। इस अवसर पर विनोद अग्रवाल, आशीष अग्रवाल और मोनी अग्रवाल ने पूजन कराया। गायक शुभम गुप्ता ने भजनों से शाम सजाई। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी भक्तों ने पहुंचकर पूजन किया। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन भी हुए।





