वाशिंगटन। पूरे विश्व में फैले कोरोना वायरस से निपटने के लिए दुनिया की करीब एक तिहाई आबादी अपने घरों में कैद हो गई है। इस बीच, कोरोना वायरस को लेकर नोबेल पुरस्कार विजेता माइकल लेविट की एक भविष्यवाणी लोगों को कुछ राहत जरूर दे सकती है। उन्होंने एक बार फिर नयी भविष्यवाणी करते हुए कहा है कोरोना वायरस का प्रभाव अब अंतिम चरण में है। इससे अब उतना घबराने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि तमाम कोशिशों के बावजूद अभी तक कोरोना वायरस का कोई भी सटीक व पक्का इलाज नहीं मिल पाया है। हालांकि, पूरी दुनिया में इस दिशा में काफी प्रयास किए जा रहे हैं और कई देशों ने अपने-अपने स्तर पर थोड़ी-बहुत सफलता प्राप्त भी की है, लेकिन स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के बायोफिजिसिस्ट और नोबेल पुरस्कार विजेता माइकल लेविट की एक और भविष्यवाणी उत्साहित करने वाली है।
उन्होंने कहा है कि सोशल डिस्टेंसिंग ने दुनिया को एक बूस्टर शॉट दिया है जो इस समय महामारी से लड़ने के लिए जरूरी है। इसलिए कोविड-19 का कहर जल्द ही खत्म हो जाएगा। बता दें कि पूरी दुनिया में लॉकडाउन जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और वायरस की चेन टूटने की संभावना भी बढ़ गई है। रसायन विज्ञान में 2013 का नोबेल पुरस्कार जीतने वाले लेविट ने इससे पहले चीन में महामारी के बारे में भविष्यवाणी की थी।
उन्होंने कहा था कि चीन में यह महामारी विनाशकारी प्रकोप लेकर आएगी। माइकल ने कई अन्य विशेषज्ञों से पहले ही इसकी भविष्यवाणी की थी। माइकल लेविट वही हैं, जिन्होंने यह भी भविष्यावाणी की थी कि चीन में सवा तीन हजार लोग मरेंगे। माइकल लेविट ने ‘द लॉस एंजिल्स टाइम्स’ को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि हमें कोरोना के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए जो करना चाहिए, वो हम कर रहे हैं। हम सब ठीक होने जा रहे हैं।
लेविट ने आगे बताया कि परिस्थिति उतनी भयावह नहीं है, जितना कि चेताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भले ही कोरोना के बढ़ते मामलों की संख्या परेशान करने वाली है, मगर धीमी वृद्धि से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। कोरोना वायरस से दुनियाभर में इस वायरस से अब तक साढ़े चार लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और करीब 17 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डेटा के मुताबिक कोरोना वायरस से अमेरिका में 471 लोगों की मौत हो चुकी है और 35,224 मामले सामने आ चुके हैं।
लेविट कहते हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग और फ्लू के खिलाफ टीकाकरण दोनों ही कोरोना वायरस प्रसार के खिलाफ लड़ाई के लिए अहम हैं। उन्होंने कोरोना वायरस को लेकर सीधे तौर पर मीडिया को दहशत फैलाने के लिए जिम्मेदार ठहराया। जब शुरू में चीन ने कोविड-19 से अधिक मौतों की रिपोर्ट करना शुरू किया, तब माइकल लेविट ने एक आशावादी रिपोर्ट भेजी थी।
उन्होंने अपने नोट में लिखा था, जो चीन में सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उन्होंने लिखा था कि इससे पता चलता है कि मरने वालों की संख्या में वृद्धि की दर अगले सप्ताह और भी धीमी हो जाएगी। लेविट ने फरवरी के मध्य तक चीन में करीब लगभग 80,000 मामले और 3,250 मौतों की कुल संख्या का अनुमान लगाया था।





