-
जमाखोरों के खिलाफ की जाये सख्त कार्रवाई
-
ऐसे लोगों के खिलाफ की जाये छापेमारी
-
डेंगू को रोकने के लिए सक्रियता से चले साफ़-सफाई का अभियान : योगी
-
नियमित तौर से करवाया जाये एंटीलार्वा छिड़काव और फाॅगिंग
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को आलू, प्याज, सब्जियों और दाल इत्यादि के दामों को नियंत्रित करने के निर्देश देते हुए जमाखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने जमाखोरों के खिलाफ छापेमारी की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन ज़रूरी सामानों के मूल्यों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के सभी प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जमाखोरी के माध्यम से मुनाफाखोरी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। राज्य सरकार जनता की कठिनाइयों के प्रति अत्यन्त संवेदनशील है। जनता को राहत देने के लिए सभी सम्भव प्रयास किये जायेंगे।
योगी ने कहा कि जमाखोरों के खिलाफ प्रभावी ढंग से छापेमारी की कार्रवाई करके आलू, प्याज, सब्जियों और दालों इत्यादि की बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।
इसी बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम-11 के साथ अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि राजधानी में डेंगू को फैलने से रोकने के लिए साफ-सफाई का अभियान पूरी सक्रियता से चलाया जाये इसके साथ ही एंटीलार्वा छिड़काव और फाॅगिंग भी नियमित रूप से करवाई जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि डेंगू और अन्य संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए कार्यवाही तेजी से जारी रखी जाये। सेनिटाइजेशन पूरी सक्रियता से किया जाये। कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रिंट और इलेक्ट्राॅनिक मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल किया जाये।
योगी ने कहा कि कोरोना के खिलाफ पूरी सतर्कता और सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में कोरोना पर प्रभावी अंकुश के लिए रणनीति बनायी जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक कोविड-19 के डेढ़ करोड़ टेस्ट किये जा चुके हैं, जो देश में सबसे ज़्यादा है। त्योहारों, पर्वाें को देखते हुए सभी को कोरोना के प्रति लगातार विशेष सतर्कता बरतने की ज़रूरत है।
कोरोना की रोकथाम के संबंध में तय प्रोटोकाॅल का कड़ाई से पालन सभी को इस संक्रमण से बचा सकता है। मास्क का उपयोग, दो गज की दूरी, हाथों को साबुन से बार-बार धोना और सैनिटाइज करने से इस बीमारी को फैलने से रोका जा सकता है। उन्होंने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को ‘एसएमएस’ के प्रति जागरूक किये जाने पर ज़ोर दिया।





