लखनऊ। अपर्णा यादव असम से लखनऊ पहुंच चुकी हैं और एयरपोर्ट से सीधे अपने आवास के लिए रवाना हो गईं। उनके पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया था, जिसके समय वह शहर से बाहर थीं। उनके लखनऊ पहुंचने के बाद परिवार और समर्थकों का आवास पर जुटना शुरू हो गया है।
इस बीच प्रतीक यादव के पोस्टमार्टम को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है, साथ ही हार्ट को भी संरक्षित किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर विस्तृत जांच की जा सके। सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य संबंधी कारणों, विशेषकर हृदय से जुड़ी आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में प्रतीक यादव मानसिक रूप से भी काफी तनाव में थे। उन्होंने कुछ समय पहले करोड़ों रुपये की ठगी और रंगदारी से जुड़े एक मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि चिनहट निवासी कृष्णानंद पांडेय ने रियल एस्टेट निवेश के नाम पर उनसे बड़ी रकम निवेश करवाई और बाद में हिसाब नहीं दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि रुपये वापस मांगने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और परिवार की छवि खराब करने की धमकी दी गई। इस प्रकरण में कृष्णानंद पांडेय, उनकी पत्नी वंदना पांडेय और पिता अशोक पांडेय पर लगभग चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया था। मामला गौतमपल्ली थाना में दर्ज है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
फिलहाल, प्रतीक यादव के निधन के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। परिवार में शोक का माहौल है और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।





