लखनऊ। सपा संथापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुबह 5:55 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे सूचना मिलने पर डॉक्टरों की टीम पहले उनके आवास पहुंची थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया।
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव उस समय लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। जानकारी के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गई हुई थीं और वहां से लौटने के बाद दिल्ली में रुकी थीं। पति के निधन की खबर मिलते ही वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। सूत्रों के मुताबिक उनकी फ्लाइट दोपहर करीब 1:30 बजे लखनऊ पहुंचने वाली है।
बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के प्रतीक यादव को अचानक दिक्कत महसूस हुई थी। उनके ड्राइवर ने तुरंत अस्पताल जाकर डॉक्टर को घर लाया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के पुत्र थे। वह सक्रिय राजनीति से दूर रहे और मुख्य रूप से रियल एस्टेट तथा फिटनेस क्षेत्र में अपने व्यवसाय से जुड़े थे। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के लीड्स विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की थी और लखनऊ में “द फिटनेस प्लैनेट” नाम से जिम का संचालन करते थे। इसके अलावा वह “जीव आश्रय” नामक संस्था के माध्यम से पशु कल्याण कार्यों में भी सक्रिय थे।
अपर्णा यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर की थी। उस चुनाव में उन्हें भाजपा उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों और कार्यों की सराहना करते हुए कहा था कि उनके लिए देश सर्वोपरि है।फिलहाल, प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है। उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।





