-
‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’ के संदेश के साथ हो काम
-
इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर पूर्ण क्षमता के साथ चलते रहें
-
प्रतिदिन 100 से ज़्यादा सक्रिय केसेज वाले जिलों में बनायीं जाये रणनीति
-
विशेष स्वच्छता व सैनिटाइजेशन अभियान के सभी कार्यों की हो माॅनीटरिंग
-
सामुदायिक शौचालय व ग्राम पंचायत भवन का निर्माण कार्य तेजी से हो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कोविड-19 पर नियंत्रण के लिए कांटेक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस सिस्टम को पूरी सक्रियता के साथ लगातार जारी रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पूरी क्षमता के साथ चलते रहें। इनकी माॅनीटरिंग जिलाधिकारी और सीएमओ द्वारा की जाये। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संबंध में ‘जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं’ के संदेश को समझते हुए लगातार काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर टीम-11 के साथ अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कोविड-19 के प्रतिदिन 100 से ज़्यादा की संख्या में सक्रिय केसेज वाले जनपदों में स्थानीय स्तर पर रणनीति बनाकर नियंत्रण की कार्यवाही की जाये। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से कोविड से बचाव व सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाये। धान क्रय केंद्रों पर कोविड-19 प्रोटोकाॅल और सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन हर हाल में सुनिश्चित हो।
योगी ने कहा कि इस समय स्वच्छता और सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो 16 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी शहरी व ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता व सैनिटाइजेशन से जुड़े काम किये जाएं। यह सुनिश्चित किया जाये कि अभियान के दौरान साफ-सफाई, एन्टी लार्वा रसायनों व चूने आदि के छिड़काव का कार्य हो। उन्होंने इस अभियान के तहत सभी कार्यों की माॅनीटरिंग किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को वर्ल्ड हैण्ड वाॅश डे के मौके पर विशेष अभियान चलाते हुए कार्यक्रम चलाये जाएं।
मुख्यमंत्री ने सामुदायिक शौचालय व ग्राम पंचायत भवन का निर्माण कार्य तेजी से किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सब्जियों के ज़्यादा दामों पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारियों द्वारा कार्यवाही की जाये।





