नयी दिल्ली। कांग्रेस ने प्याज की कीमतों में उछाल को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग आखिर कैसे गुजारा करें।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक हिंदी दैनिक की खबर का हवाला देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार के शासन में आज महंगाई आसमान छू रही है। उन्होंने कहा, चीनी के बाद अब प्याज भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही है। महीने भर में प्याज के दाम 76 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं, राज्यों में थोक भाव दोगुने हो चुके हैं, और सरकार का बफर स्टॉक खाली पड़ा है।
कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि दूध, तेल, फल और राशन सब आम इंसान की पहुंच से बाहर हो रहे हैं। उन्होंने कहा,एक तरफ बेरोजगारी है, दूसरी तरफ वर्षों से कार्यरत लोगों के रोजगार छूट रहे हैं। इस बीच महंगाई का बम लगातार फूट रहा है।रमेश ने कहा, अच्छे दिनों’ का दावा करने वाली मोदी सरकार बताए कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कैसे गुज़ारा करे?





