भक्तों ने स्वादिष्ट एकादशी प्रसाद ग्रहण किया
लखनऊ। श्री श्री राधा रमण बिहारी (इस्कॉन) मंदिर, लखनऊ में आज गुरूवार को शहर भर से आए भक्तों द्वारा नरसिंह चतुर्दशी महामहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी द्वारा भगवान नरसिंह शिला का प्रथम अभिषेक एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई, तत्पश्चात मंदिर के भक्तों द्वारा मधुर हरिनाम संकीर्तन, नरसिंह कवच पाठ एवं नरसिंह आरती की गई। अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने नरसिंह भगवान की कथा में यह बताया कि नरसिंह भगवान विष्णु के प्रमुख अवतारों में से एक हैं, नरसिंह भगवान अपने भक्त प्रहलाद की बात को सच करने के लिए भगवान अर्ध मनुष्य व अर्ध सिंह का शरीर धारण करके खंबे से प्रकट होते हैं और ब्रम्हा जी के द्वारा दैत्यों के राजा हिरण्याकश्यपु को दिए गए सभी वरदानों की शर्तों को पूरा करते हुए उसका वध करते हैं एवं भक्त प्रहलाद की भक्ति से भगवान उसके क्रूर पिता सहित उसकी 21 पीढ़ियों का उद्धार कर देते हैं। अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने बताया कि प्रहलाद महाराज से हमें बचपन से ही भक्ति करने की शिक्षा लेनी चाहिए और यदि कोई भक्त ईश्वर की प्रेम पूर्ण भक्ति करता है तो उसका फल उसकी 21 पीढ़ियों को मिलता है, अंत में उन्होंने भगवान नरसिंह तथा भक्त प्रहलाद की कथा से प्रेरणा लेकर भगवान की नवधा भक्ति करने का आग्रह किया जिससे मनुष्य जीवन सफल हो सके। अंत में श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी, मंदिर अध्यक्ष ने सभी भक्तों से निवेदन किया कि अधिक से अधिक हरिनाम व श्रीमद भगवत गीता का स्वाध्याय करें। भक्तों द्वारा सम्पूर्ण मन्दिर परिसर को हरे कृष्ण महामंत्र की गूंज से गुंजायमान कर दिया गया। कार्यक्रम के अंत मे सभी उपस्थित भक्तों ने स्वादिष्ट एकादशी प्रसाद ग्रहण किया।





