लखनऊ। नगर निगम प्रशासन ने कार्यों में तेजी लाने और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कई जोनल अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। नगर आयुक्त गौरव कुमार की ओर से जारी आदेश के तहत विभिन्न जोनों में नई तैनातियां की गई हैं।
आदेश के अनुसार, विकास सिंह को जोन-8 से स्थानांतरित कर जोन-7 का जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जोनल अधिकारी जोन सात में तैनात रहे एसडीएम रामेश्वर प्रसाद का बाराबंकी स्थानांतरण होने के बाद संपत्ति प्रभार की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी विकास सिंह को दी गई है। वहीं जोन-7 में जोनल सेनेटरी अधिकारी के पद पर कार्यरत कर अधीक्षक अजीत राय को एक बार फिर जोन-3 का जोनल अधिकारी बनाया गया है।
इसी क्रम में जोन-3 में तैनात जोनल अधिकारी मनोज यादव को जोन-2 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत कर निर्धारण अधिकारी नंदकिशोर को नगर स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जबकि वर्तमान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष सिंह को जोन-8 का जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों में गति लाने, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा विभागीय समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। बताया जा रहा है कि अभी कर अधीक्षकों के भी कार्य क्षेत्र में बदलाव होंगे।





