महिला उद्यमिता और भारतीय कारीगरी का भव्य संगम बना ‘अनंतम-2026’
लखनऊ। फिक्की फ्लो लखनऊ चैप्टर ने अपनी चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में गुरुवार को होटल हयात रीजेंसी में अपनी बहुप्रतीक्षित लाइफस्टाइल एवं महिला उद्यमिता प्रदर्शनी ‘अनंतम-2026’ के चौथे संस्करण का भव्य आयोजन किया। महिला उद्यमियों, कारीगरों और देशभर के प्रतिष्ठित लाइफस्टाइल ब्रांड्स की शानदार भागीदारी से सजी यह प्रदर्शनी पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बनी रही।
प्रदर्शनी का उद्घाटन फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति में महिलाओं की भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतनी ही तेजी से आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेगा। ‘अनंतम’ जैसे आयोजन महिला उद्यमियों को केवल अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर नहीं देते, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, नए बाजार और व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ते हैं। फिक्की फ्लो का उद्देश्य महिलाओं को अवसर, संसाधन और मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। फिक्की फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने कहा कि ‘अनंतम’ हमारे लिए सिर्फ एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता, भारतीय कारीगरी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का उत्सव है। हमारा प्रयास है कि शहरों की महिला उद्यमियों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली महिलाओं और पारंपरिक कारीगरों को भी समान अवसर मिलें। जब महिलाओं को बाजार और सही मंच मिलता है तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाती हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष देशभर से 50 से अधिक चयनित ब्रांड्स ने प्रदर्शनी में भाग लिया। फैशन, डिजाइनर परिधान, हैंडलूम, हस्तनिर्मित वस्त्र, ज्वेलरी, होम डेकोर, वेलनेस, आॅर्गेनिक एवं गॉरमेट फूड, हस्तशिल्प, एक्सेसरीज और प्रीमियम लाइफस्टाइल उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला ने आगंतुकों को खूब आकर्षित किया। बड़ी संख्या में शहरवासियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं खरीदारों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिला उद्यमियों के उत्पादों की सराहना की। इस वर्ष के आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता समावेशी आर्थिक सशक्तिकरण रही। फिक्की फ्लो लखनऊ ने विभिन्न राज्यों से आए पारंपरिक कारीगरों को रियायती दरों पर स्टॉल उपलब्ध कराए। वहीं फिक्की फ्लो द्वारा गोद लिए गए गांवों की महिलाओं तथा ग्रामीण कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ी महिला लाभार्थियों को अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए। इस पहल से ग्रामीण महिला उद्यमियों को सीधे ग्राहकों से जुड़ने, बाजार की समझ विकसित करने और अपने उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिला। कार्यक्रम में फिक्की फ्लो लखनऊ की पूर्व चेयरपर्सन्स एवं वर्ष 2026-27 की कार्यकारी समिति की सदस्य देवांशी सेठ, निवेदिता सिंह, अदिति जग्गी रस्तोगी एवं वसुधा जैन भी उपस्थित रहीं। सभी ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए फिक्की फ्लो द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व इवेंट चेयर मिताली ओसवाल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में टीम अनंतम की सदस्य प्रज्ञा अग्रवाल, आरुषि अग्रवाल एवं निधि बजाज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि संपूर्ण आयोजन का मार्गदर्शन आरुषि टंडन ने किया। कार्यक्रम में शहर के उद्योग, व्यापार, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जगत से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक, महिला उद्यमी, फिक्की फ्लो की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में आगंतुक उपस्थित रहे। ‘अनंतम-2026’ ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि फिक्की फ्लो लखनऊ महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, भारतीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक कारीगरी को वैश्विक पहचान दिलाने तथा महिलाओं के लिए सतत आजीविका और व्यवसायिक अवसरों का विस्तार करने के अपने संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रहा है।





