लखनऊ। अमर शहीद सिरोमणि चंद्रशेखर आजाद जी के 121वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को आदर्श रामलीला समिति, त्रिवेणी नगर के मारुति पार्क स्थित रामलीला रूपसज्जा कक्ष में ‘चंद्रशेखर आजाद पुस्तकालय एवं वाचनालय’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत माँ सरस्वती, भारत माता और शहीद आजाद जी के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं कवि दिनेश सोनी द्वारा प्रस्तुत वाणी वंदना से हुई। पुस्तकालय का उद्घाटन पार्षद देवशर्मा मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति में क्रांतिकारी साथी रामकृष्ण खत्री के पौत्र रोहित खत्री एवं जयदेव कपूर के पौत्र मयूर कपूर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिव शंकर अवस्थी के चले संचालन में मंच पर उपस्थित अतिथियों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जयराम दास रस्तोगी, शिव शंकर अवस्थी, नवल किशोर मिश्र, सुनील श्रीवास्तव, राकेश अवस्थी, डॉ. राम सजीवन शुक्ल, अवनीश शुक्ला एवं अशोक बाजपेयी मौजूद रहे।





