सुरेश राणा समेत 19 उपाध्यक्ष, कई नेताओं को महामंत्री की जिम्मेदारी
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी इस सूची में संगठनात्मक संतुलन के साथ-साथ नए चेहरों को भी प्रमुखता दी गई है।

घोषित कार्यकारिणी में सुरेश राणा समेत 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य और अभिजात मिश्रा को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को भी प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।

प्रदेश संगठन में इस बार कई नए चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी देकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश की गई है। इसके साथ ही पार्टी ने छह क्षेत्रों के लिए नए क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है। पश्चिम क्षेत्र की कमान नबाब सिंह नागर को दी गई है, जबकि अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी अवधेश द्विवेदी को सौंपी गई है।
संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता और मनीष दीक्षित को मीडिया संयोजक बनाया गया है। वहीं युवा मोर्चा की कमान रोहित मिश्रा और महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सरोज कुशवाह को सौंपी गई है। इस नई कार्यकारिणी को आगामी चुनावों और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





