प्रयागराज। संगम नगरी में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टू-सीटर माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर केपी कॉलेज के पीछे स्थित एक तालाब में जा गिरा। तकनीकी खराबी के चलते हुए इस हादसे से इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र कुमार के अनुसार, उन्होंने आसमान में विमान को असामान्य रूप से लड़खड़ाते हुए देखा। कुछ ही क्षण बाद विमान से दो पैराशूट खुलते दिखाई दिए, जिससे स्पष्ट हो गया कि पायलटों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते विमान से छलांग लगा दी थी। दोनों पायलट हवा में तैरते हुए सुरक्षित नीचे उतरे।
विमान तालाब के बीचों-बीच तेज आवाज के साथ गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पायलटों की मदद की। तालाब में पानी होने के कारण विमान में आग नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही सेना का हेलीकॉप्टर भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है।





