चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने विदेश में छिपे अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया से देविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांछित आरोपियों को डिपोर्ट कराने में सफलता हासिल की है। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (OFTEC) ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यह कार्रवाई की।
पंजाब पुलिस के डीजीपी ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मलेशिया से डिपोर्ट किए गए तीन आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बहिबल, अजॉय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पंजाब में कई आपराधिक मामलों में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, रंगदारी, विस्फोटक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपियों पर लुधियाना में हैंड ग्रेनेड धमाका करने की साजिश में शामिल होने का भी आरोप है। इस मामले के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की बात सामने आई है। मलेशिया से डिपोर्ट किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। पंजाब पुलिस अब उन्हें पंजाब लाकर आगे की जांच करेगी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई विदेशों में छिपकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस ट्रांसनेशनल संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिपें, पुलिस उन्हें ट्रैक कर न्याय के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।





