मुंबई। मुंबई के बांद्रा स्थित बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के आलीशान बंगले ‘मन्नत’ में उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में करीब 8 फुट लंबा सांप दिखाई दिया। यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जब घर के लॉन क्षेत्र में सांप के दिखने की सूचना सुरक्षा कर्मियों को मिली।
जानकारी मिलते ही तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सर्च ऑपरेशन चलाया और कुछ देर की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। विशेषज्ञों के अनुसार पकड़ा गया सांप ‘धामन’ प्रजाति का था, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। यह सांप जहरीला नहीं होता, लेकिन आकार में बड़ा होने के कारण लोगों में डर का माहौल बन जाता है।
रेस्क्यू टीम ने सांप को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जिससे घर के स्टाफ और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि परिसर में एक और सांप होने की आशंका है, जिसकी तलाश जारी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में अक्सर सांप अपने बिलों से बाहर निकलकर सूखी और सुरक्षित जगहों की तलाश में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं।





