-
परीक्षा केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकाॅल का पालन किया जाये
लखनऊ व कानपुर नगर में बरती जाये अतिरिक्त सतर्कता
-
ई-संजीवनी सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये
-
बेडों की संख्या बढ़ाने के लिए हो प्रभावी कार्यवाही
-
एल-2 व एल-3 अस्पतालों में ऑक्सीजन की हो पर्याप्त उपलब्धता मात्रा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रतियोगी व प्रवेश परीक्षाओं में यह सुनिश्चित हो कि कहीं भीड़ एकत्र न हो।
इसके लिए जरूरत के हिसाब से ज़्यादा से ज़्यादा जिलों में परीक्षा केन्द्र बनाये जायें। इन केन्द्रों में स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकाॅल का पालन किया जाये। उन्होंने कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र लखनऊ व कानपुर नगर में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर ज़ोर दिया।
उन्होंने कहा कि संक्रमण के ज्यादा से ज्यादा टेस्ट किए जायें। होम आइसोलेशन के मरीजों से सीएम हेल्प लाइन लगातार संवाद बनाये रखे, जिससे उनकी प्रभावी माॅनिटरिंग की जा सके।
मुख्यमंत्री ने टीम-11 के साथ अनलाॅक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि ई-संजीवनी सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद मरीज घर पर रहकर डाॅक्टरी परामर्श प्राप्त कर सकें।
कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जायें, क्योंकि जब तक कोई वैक्सीन नहीं बनती है, तब तक सावधानी बरतकर ही इसको फैलने से रोक सकते हैं।
योगी ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र बेडों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि एल-2, एल-3 अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित की जाये।
उन्होंने आईसीयू बेड बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी सभी जिलों में संक्रमण से हो रही मृत्यु का ऑडिट करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को मुख्य सचिव राजस्व ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी जरूरतमंदों को राहत सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है। प्रमुख सचिव पशुपालन ने बताया कि आने वाले 18 अगस्त से पशुओं के टीकाकरण का अभियान 45 दिनों तक चलाया जायेगा।





