मिर्जापुर। जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। ड्रमंडगंज घाटी में ब्रेक फेल होने के बाद एक अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा ट्रक ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतर रहा था। तभी बड़का घुमान मोड़ पर उसका ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले बोलेरो को टक्कर मारी, फिर एक स्विफ्ट डिजायर कार को जोरदार टक्कर दे दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रेलर में घुस गई और उसमें आग लग गई।
जिंदा जल गए कई लोग
कार में लगी भीषण आग के कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। करीब आधा दर्जन लोगों के जिंदा जलने की खबर है। कुल मिलाकर इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बचाव अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल भेजा गया।
पीएम मोदी ने जताया शोक और मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।





