नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात राज्यसभा सदस्यों के दल-बदल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने को लेकर कटाक्ष किया कि आप एवं भाजपा में कोई अंतर नहीं है और बस अब यह देखना है कि अरविंद केजरीवाल कब भाजपा में शामिल होते हैं।
पार्टी के पंजाब प्रभारी बघेल ने अन्ना हजारे आंदोलन का उल्लेख करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, केजरीवाल जी विवेकानंद फाउंडेशन में बैठने वाले लोग हैं। उनके साथ बाबा रामदेव भी बैठे व और भी लोग थे जिन्होंने आंदोलन की शुरूआत की। आम आदमी पार्टी वहीं से निकली है और ये भाजपा की बी टीम है।
उनका कहना था कि आम आदमी पार्टी के लोग अब अपनी असली पार्टी में जा रहे हैं।छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कटाक्ष करते हुए कहा, आम आदमी पार्टी और भाजपा में अंतर नहीं है। अब देखना बस ये है कि केजरीवाल जी भाजपा में कब जा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी को तब बड़ा झटका लगा जब राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित इसके सात राज्यसभा सदस्यों ने पार्टी छोड़ दी। चड्ढा ने पाठक और मित्तल के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्यों में से दो-तिहाई ने पार्टी छोड़ दी है और वे एक गुट के रूप में भाजपा में शामिल होंगे।





