मुंबई। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों में भारी बिकवाली के कारण पांच सत्र की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 786.58 अंक टूटकर 76,624.90 अंक और एनएसई निफ्टी 210.95 अंक लुढ़ककर 23,959.80 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस के शेयर में आठ प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का शेयर छह प्रतिशत टूटा। वहीं टेक महिंद्रा का पांच प्रतिशत और एचसीएल टेक का 4.9 प्रतिशत की गिरावट में रहा।
एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, भारती एयरटेल, ट्रेंट और पावर ग्रिड के शेयर में तेजी रही। बीएसई का सूचना प्रौद्योगिकी सूचकांक 5.38 प्रतिशत टूटा। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.11 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,025.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 254.36 अंक और निफ्टी 82.30 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर 94.20 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.20 पर पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में तेजी आने की उम्मीद के बीच घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की अनुकूल कीमतों और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार से रुपया सकारात्मक रुख के साथ खुला। रुपये का समग्र रुझान सकारात्मक बना हुआ है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.30 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में मजबूती के साथ बढ़कर 94.20 प्रति डॉलर तक पहुंच गया जो इसके पिछले बंद भाव से 20 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया मंगलवार को 10 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.40 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.92 पर रहा।





