लखनऊ। लखनऊ के मोहान रोड स्थित ऐतिहासिक बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में इस बार सावन के महीने में विशेष रौनक देखने को मिलेगी। 30 जुलाई से प्रारंभ हो चुके सावन माह में इस बार बुधवार की संख्या अधिक होने के कारण मंदिर परिसर में चार बार मेले का आयोजन किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है, खासकर सावन के हर बुधवार को, जब यहां विशेष धार्मिक महत्व होता है।
मंदिर के मुख्य पुजारी लीलापुरी के अनुसार, इस वर्ष सावन में कुल चार बुधवार पड़ रहे हैं , इन सभी दिनों को मेले का रूप दिया जाएगा। वैसे तो पूरे सावन माह में शिव भक्तों का मंदिर में तांता लगा रहता है, लेकिन बुधवार को विशेष रूप से भक्त बड़ी संख्या में पहुंचते हैं, जिससे मेले का स्वरूप स्वत: ही बन जाता है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा, लाइटिंग व्यवस्था, प्रसाद वितरण, छाया व जल व्यवस्था जैसी जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंदिर को झालरों, पुष्प सज्जा, रंगाई-पुताई और विद्युत सज्जा से भव्य रूप दिया जा रहा है। पुजारी रामू ने बताया कि मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा, और शिव भक्तों के लिए विशेष पूजा की व्यवस्थाएं की जाएंगी। मंदिर प्रांगण को सुंदर बनाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। हर वर्ष बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह में लाखों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचते हैं। विशेषकर बुधवार को तो मंदिर में इतनी भीड़ होती है कि सड़कों पर यातायात भी प्रभावित होता है। प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन हेतु यातायात पुलिस और सिविल डिफेंस की सहायता ली जाती है। क्षेत्रीय पार्षद धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नगर निगम को विशेष रूप से सफाई और जल निकासी को लेकर सचेत किया गया है और उम्मीद जताई कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई होगी। बुधवार को भगवान शिव की विशेष पूजा का महत्व शास्त्रों में वर्णित है।
ऐसा माना जाता है कि बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को दर्शन करने से संकटों से मुक्ति,कर्ज से छुटकारा,और संपत्ति वृद्धि जैसी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसलिए सावन माह के प्रत्येक बुधवार को देशभर से शिवभक्त यहां उमड़ते हैं। सावन के इन मेलों में स्थानीय दुकानदार, खाद्य विक्रेता, खिलौना विक्रेता, फूल वाले, प्रसाद विक्रेता, और भक्ति सामग्री बेचने वालों की भी बड़ी आमदनी होती है। मेला परिसर में सैकड़ों अस्थायी दुकानें लगने लगी हैं और व्यापारी सजावट के साथ तैयारियों में जुट गए हैं।





