महिला मारवाड़ी युवा मंच श्रद्धा शाखा ने मनाया भव्य उत्सव
रंग-बिरंगे परिधानों में सजीं महिलाएं
लखनऊ। हरियाली तीज के पावन पर्व के उपलक्ष्य में महिला मारवाड़ी युवा मंच (श्रद्धा शाखा, लखनऊ) द्वारा संगिनी 3.0 का भव्य एवं रंगारंग आयोजन फैजाबाद रोड, इंदिरा नगर स्थित एक स्थानीय रेस्तरां में शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में मंच की सदस्याओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेते हुए तीज की पारंपरिक संस्कृति, उमंग और सामाजिक सौहार्द को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की शुरूआत से ही पूरा आयोजन स्थल तीज के अनूठे रंगों में रंगा नजर आया। पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में सजी-धजी महिलाओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को उत्सवमयी बना दिया। सुंदर सजावट, मधुर संगीत और सकारात्मक ऊर्जा ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया। संगिनी 3.0 के अंतर्गत कई मनोरंजक खेलों और रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें सदस्याओं ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। सभी उपस्थित सदस्याओं ने स्वादिष्ट अल्पाहार का आनंद लिया और एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं। ‘संगिनी’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं को आपसी स्नेह, सौहार्द और एकता के सूत्र में पिरोने का एक सुंदर प्रयास है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन शाखा अध्यक्षा नीलू अग्रवाल एवं सचिव वर्षा सिंघानिया के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस आयोजन को यादगार बनाने में शाखा की कार्यकारिणी सदस्याओं—इंदु अग्रवाल, दीप्ति मित्तल, प्रतिमा टिबरेवाल, नेहा अग्रवाल, जूली टेकरीवाल, सीमा अग्रवाल, राखी अग्रवाल एवं सौम्या अग्रवाल ने विशेष एवं सक्रिय योगदान दिया।





