डॉ. राजेश्वर सिंह के नेट जीरो संकल्प को मिला नया विस्तार, दूसरी बार अभियान से जुड़े मेगा स्टार संजय दत्त
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नेट जीरो सरोजिनीनगर अभियान के अंतर्गत आयोजित द ग्रीन शिफ्ट गोल्फ टूनार्मेंट अवॉर्ड्स भव्यता एवं उत्साह के साथ लखनऊ गोल्फ क्लब में संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में बॉलीवुड के मेगा स्टार श्री संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नेट जीरो सरोजिनीनगर अभियान से उनका यह दूसरा जुड़ाव रहा — इससे पूर्व भी उन्होंने अभियान के समर्थन में आयोजित रोड शो में भाग लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया था। विधायक सरोजिनी नगर डॉ. राजेश्वर सिंह की मौजूदगी में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु जागरूकता, सतत विकास और जनभागीदारी को केंद्र में रखकर आयोजित एक व्यापक जन-अभियान का हिस्सा बना। कार्यक्रम ने उस सार्वजनिक संकल्प को भी नई मजबूती दी, जिसमें डॉ. राजेश्वर सिंह ने नेट जीरो आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का वादा किया था।
नेट जीरो सरोजिनीनगर: एक जनभागीदारी आधारित हरित अभियान
नेट जीरो सरोजिनीनगर केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सरोजिनी नगर को सतत विकास, हरित नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का मॉडल बनाने का एक व्यापक जनआंदोलन है। इस अभियान के अंतर्गत उद्योग, समाज, शिक्षा, खेल और नागरिक सहभागिता को जोड़ते हुए कार्बन फुटप्रिंट कम करने, हरित तकनीकों को अपनाने और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी व्यापक सोच को आगे बढ़ाते हुए द ग्रीन शिफ्ट इनिशिएटिव की शुरूआत की गई, जिसके अंतर्गत ग्रीन इंडस्ट्रियल अवॉर्ड्स, हरित नवाचार, सतत उद्योगों तथा सामुदायिक भागीदारी आधारित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से हरित परिवर्तन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। द ग्रीन शिफ्ट गोल्फ टूनार्मेंट इसी व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य खेल, जनसहभागिता और पर्यावरणीय चेतना को एक मंच पर लाना है। कार्यक्रम की शुरूआत स्वागत एवं संवाद सत्र से हुई, जिसके बाद अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। ग्रीन शिफ्ट अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को हरित पौधे भेंट किए गए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्थायी जीवनशैली तथा नेट जीरो सरोजिनीनगर अभियान से जुड़ी विशेष फिल्में भी प्रदर्शित की गईं। इस अवसर पर आयोजित द ग्रीन शिफ्ट गोल्फ टूनार्मेंट के अंतर्गत जूनियर, महिला, वेटरन्स, सीनियर वेटरन्स एवं विभिन्न हैंडीकैप श्रेणियों सहित कुल 23 गोल्फ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।





