लखनऊ। रक्षाबंधन का त्योहार में बस कुछ ही दिन बाकी हैं। इस खास दिन बहनें अपने भाइयों के कलाई पर राखी बांधने का इंतजार कर रही हैं। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट रिश्ते को मजबूती देने का है, वैसे तो बहनें अपने भाइयों को राखी के तौर पर एक कलावा भी बांधकर इस त्योहार को मना सकती हैं, लेकिन बहनें अपने पसंद की राखी बांधना ज्यादा पसंद करती हैं और बाजार में सुंदर और अद्भुत राखी की खोज करती है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कई छोटे-बड़े बाजार है जहां राखी की दुकानें सज गई हैं, इनमें से एक अमीनाबाद मार्केट है जो रंग-बिरंगी राखियों से सजी हुई है। यहां राखियों की खरीदारी करने वालों से अच्छी भीड़ जुट रही है। यहां के दुकानों में विभिन्न डिजाइन और प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं, जिनमें से बहनें अपनी पसंद की राखी चुन सकती हैं।
त्योहार को लेकर दुकानदारों में भी खास उत्साह है। यहियागंज राखी बाजार में खरीदारी करने के लिए लोग नजर आ रहे थे। बाजार में रेशम के धागे और मोती वाली राखियों के अलावा स्पाइडर मैन, छोटा भीम, गणेश, कान्हा-भीम, एंग्री बर्ड, सेंटा, पब्जी, बाबा का बुल्डोजर समेत अन्य राखियां हैं। इसके अलावा लाइट वाली राखियां भी आकर्षित कर रही हैं। ज्यादातर दुकानदारों ने कोलकाता से ही माल मंगाया है। कुछ ने दिल्ली और मुंबई से भी राखियां मंगवाई हैं। दूसरी ओर अमीनाबाद और चारबाग के बाजार में पांच रुपये से लेकर ढाई सौ रुपये तक की राखियां मौजूद हैं। कार्टून और लाइट वाली राखियां बच्चों को आकर्षित कर रही हैं।
बाजार में कम हैं चाइनीज राखियां:
बाजार में चाइनीज राखियां इस बार कम हैं। चाइनीज राखी 264 से लेकर 340 रुपये दर्जन तक है। फुटकर बाजार में चाइनीज राखी की कीमत 22 से लेकर 45 रुपये तक है। राखी कारोबारी अनूप वर्मा ने बताया कि बाजार में चाइनीज माल न के बराबर है। कुछ लोगों ने लाइट वाली राखियां मंगवाई हैं।
चांदी की राखी भी बाजार में:
चांदी की राखी की भी मांग है। सराफा कारोबारी दुकान पर आने वाले ग्राहकों को चांदी की राखी के बारे में जानकारी दे रहे हैं। चांदी की राखी की कीमत 350 से 950 रुपये तक है। जबकि चांदी का ब्रेसलेट पांच से दस हजार रुपये के बीच है। बद्री प्रसाद ज्वैलर्स के मालिक रवि केसरवानी ने बताया कि एक दिन में लगभग पांच से सात चांदी की राखी बिक रही है। सोने का ब्रेसलेट भी लोग खरीद रहे हैं। दस ग्राम सोने के ब्रेसलेट की कीमत 50 हजार रुपये है।
चांदी की घड़ी:
बाजार में चांदी की राखियों की भी मांग बढ़ी है। चौक सराफा बाजार से राखियां बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, गोरखपुर, सीतापुर लखीमपुर, हरदोई, संडीला तक जा रही हैं। चांदी की घड़ी की कीमत 5 से 8 हजार रुपये तक है। बाजार में महाराष्ट्र की डिजाइनर, गुजरात की हल्की और दिल्ली की स्टोन फिनिश चांदी की राखियां 150 से 3000 रुपये तक में हैं।
हल्की राखियां आ रहीं पसंद:
अमीनाबाद में राखी व्यापारी अविनाश सोनकर ने बताया कि राखियों का बाजार गुलजार हो गया है। लोग अमूमन हल्की राखियां लेना पसंद कर रहे। वहीं, कुछ हट के चाहने वालों के लिए राजस्थानी जरीदार ट्रेडिशलन राखियों की मांग है।
रिटर्न गिफ्ट में चांदी के नोट: बहनों के लिए रिटर्न गिफ्ट में सोने के टॉप्स 4 से 20 हजार रुपये तक में उपलब्ध हैं। वहीं, चांदी के टॉप्स 150 से एक हजार रुपये तक में है। इसके साथ ही चांदी के नोट 200 से 500 रुपये तक में हैं।
विशेष थाली लें और सीधे पहुंच जाये घर:
बाजार में इस बार विशेष तरह की थालियां आई हैं। कारोबारी हर्षित गुप्ता बताते हैं कि इसे लेकर सीधे भाई को टीका करने पहुंचा जा सकता है। इसमें रोली, चावल, दिया, सूती और डिजाइनर राखियां हैं। विशेष क्ले से बनी इन रंगीन डिजाइनर थालियों में पर्व की जरूरत से जुड़ा करीब-करीब सारा सामान मौजूद रहता है। खास बात यह है कि सिर्फ बड़ी थालियां ही नहीं, नन्हीं-नन्हीं हथेलियों पर पूजन सामग्री ले जाने वाली छोटी थालियां भी हैं। जहां बड़ी थाली की कीमत 160 से 180 तो छोटी थाली 50 रुपये प्रति पीस है।
————–
कार्टून कैरेक्टर्स की राखियां बच्चों की पहली पसंद
लखनऊ। रक्षाबंधन के लिए राजधानी लखनऊ में जगह-जगह राखी की दुकानें सज चुकी हैं। इस बार बाजार में कार्टून कैरेक्टर्स की राखियां धूम मचा रही हैं। खरीदारों के के बीच ये खासे लोकप्रिय हैं। बच्चों से लेकर बड़ों के बीच मशहूर छोटा भीम, मोटू-पतलू, डोरेमॉन जैसे कार्टून कैरेक्टर की राखियों की धूम है।
अमीनाबाद से लेकर शहर में तमाम दुकानें ऐसी राखियों से पटे पड़े हैं। इस बार के इन राखियों में लाइट जलने वाला सिस्टम भी लगाया गया है। जो बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी लुभा रहे हैं। स्पाइडरमैन वाली राखियां भी बच्चों की कलाइयों पर दिखेंगीं। किसी राखी पर चश्मा लगाए छोटा भीम मौजूद है तो कहीं घड़ी वाली राखियों पर मोटू-पतलू नजर आ रहे हैं। स्थायी दुकानदारों का कहना है कि बच्चों के बीच मशहूर होने से ऐसी राखियों की बिक्री खूब ज्यादा हो रही है।
रक्षाबंधन पर बढ़ा आॅनलाइन गिफ्ट का चलन:
पढ़ाई और नौकरी के लिए अपनी बहनों से दूर हैं, तो क्या हुआ, हम सभी मिलकर खुशियां बांटेंगे। रक्षाबंधन पर घर न पहुंच पाने पर भी बहनों को शुभकामनाएं देने और गिफ्ट देने का तरीका समय के साथ बदलाव की ओर बढ़ता जा रहा है। जहां लोगों की व्ययस्तता बढ़ती जा रही है, वहीं समय की कमी के चलते अब लोग बाजारों में जाकर खरीदारी करने की अपेक्षा इंटरनेट के जरिए अपनों तक गिफ्ट पहुंचाना पसंद कर रहे हैं। वर्तमान समय में लोग इंटरनेट के माध्यम से अपनी पसंद और पब्लिसिटी को ध्यान में रखते हुए भी राखियों और गिफ्ट की खरीदारी कर उसकी बुकिंग करा रहे हैं। हालांकि इसके लिए भी एडवरटीजमेंट एजेंसीज भी लोगों का ध्यान रखते हुए अपनी पेशकश दे रही हैं। इसमें कई ऐसी आॅनलाइन कंपनियां हैं जो दूसरे शहर में राखी या गिफ्ट के साथ मिठाई भेजने के लिए फ्री सेवाएं दे रही हैं। कुछ कंपनियां 50 से 100 रुपये तक का चार्ज भी ले रही हैं।
——————————————————————————————





