लखनऊ। लखनऊ से बेंगलुरु पहुंची इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान की सफाई के दौरान एक टिश्यू पेपर पर ‘BOMB’ लिखा मिला। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान की गहन जांच शुरू कर दी गई। हालांकि, जांच में किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद इसे फर्जी बम धमकी माना गया।
यात्रियों के उतरने के बाद मिला टिश्यू
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E321 लखनऊ से बेंगलुरु पहुंची थी। विमान के सभी यात्रियों के सुरक्षित उतरने के बाद नियमित सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान सफाईकर्मियों को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर अंग्रेजी में ‘BOMB’ लिखा हुआ था। इसे देखते ही कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों को सूचित किया।
सुरक्षा एजेंसियां हुईं सक्रिय
बम की सूचना मिलते ही बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को घेरकर उसकी बारीकी से जांच की गई। बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने विमान के हर हिस्से की तलाशी ली, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
फर्जी निकली धमकी
जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने इस सूचना को फर्जी करार दिया। प्राथमिक तौर पर इसे शरारत या अफवाह फैलाने की कोशिश माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टिश्यू पेपर पर ‘BOMB’ किसने लिखा।
लखनऊ एयरपोर्ट से नहीं जुड़ा मामला
एयरलाइन के अनुसार, यह घटना बेंगलुरु पहुंचने के बाद सामने आई। विमान के यात्रियों के उतरने के बाद सफाई के दौरान यह टिश्यू पेपर मिला था। इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का लखनऊ एयरपोर्ट की सुरक्षा या संचालन व्यवस्था से कोई संबंध नहीं है।अधिकारियों का कहना है कि भले ही धमकी फर्जी निकली हो, लेकिन सुरक्षा से जुड़े मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाती। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





