वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए सिरे से तैयार किए गए ‘एयर फोर्स वन’ विमान का अनावरण किया जिसे अगले महीने की शुरुआत से राष्ट्रपति की आधिकारिक यात्राओं के लिए इस्तेमाल किए जाने से पहले परीक्षण उड़ानों पर भेजा जाएगा।यह विमान पहले कतर के स्वामित्व में था और इसे व्यापक रूप से नवीनीकृत करके आधुनिक बनाया गया है।
बोइंग 747-8आई विमान को अमेरिकी ध्वज के रंगों- लाल, सफेद और गहरे नीले रंग में रंगा गया है, जबकि पुराना विमान हल्के आसमानी रंग का है और उसका इस्तेमाल अमेरिका के राष्ट्रपतियों द्वारा लगभग 40 वर्षों से किया जाता रहा है।नए विमान की ‘टेल’ पर अमेरिकी राष्ट्रीय ध्वज का चित्र अंकित किया गया है।ट्रंप ने यहां के निकट ‘ज्वाइंट बेस एंड्रूज’ में एक समारोह में कहा, ‘‘सबसे बड़ा अंतर इसके आकार में है। यह लगभग दोगुना बड़ा हैं।
‘ज्वाइंट बेस एंड्रूज’ राष्ट्रपति के आधिकारिक विमान का मुख्य ठिकाना है।ट्रंप ने कहा, ये नए रंग हैं- लाल, सफेद और नीला। हमें हल्का आसमानी रंग भी पसंद था, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया था… मुझे अमेरिकी ध्वज के रंग पसंद हैं।अमेरिकी वायु सेना ने कहा कि यह विमान जल्द ही ‘‘परीक्षण उड़ानेंभरेगा जो राष्ट्रपति के परिवहन के लिए उपयोग किए जाने से पहले इसकी अंतिम परीक्षा होगी।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यह विमान कतर के अमीर (कतर के शासक) से इसलिए प्राप्त करने की पहल की क्योंकि बोइंग के एयर फोर्स वन प्रतिस्थापन कार्यक्रम में हो रही देरी से वह निराश थे। साथ ही, अमेरिका के राष्ट्रपति बेड़े के पुराने हो चुके विमानों की तुलना विदेशी सरकारों के अधिक आधुनिक विमानों से किए जाने की बातें भी लगातार बढ़ रही थीं।ट्रंप ने कहा, मैंने अमीर से पूछा कि क्या हम इस बिल्कुल नए 747 विमान का उपयोग कर सकते हैं।’ उन्होंने यह भी बताया कि इस विमान ने अपेक्षाकृत बहुत कम उड़ान घंटे पूरे किए हैं।ट्रंप ने कहा, देखिए, कोई सामान्य राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता। एक सामान्य राष्ट्रपति विमान जैसे मामलों से दूर रहना चाहता है लेकिन हमारे देश का प्रतिनिधित्व उचित ढंग से होना चाहिए।
अमेरिकी वायु सेना ने कहा कि एयर फोर्स वन बनने वाले किसी भी विमान को कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करना होता है। वायु सेना के अनुसार, कतर से प्राप्त इस विमान में सुव्यवस्थित और अनुशासित इंजीनियरिंग प्रक्रिया के तहत संशोधन किए गए है।ट्रंप ने कहा कि नया एयर फोर्स वन अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चार जुलाई को ‘नेशनल मॉल’’ में आयोजित समारोहों के दौरान हवाई प्रदर्शन करेगा। राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वह अगले महीने तुर्किये में होने वाले नाटो के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस नए विमान का उपयोग करेंगे।





