लखनऊ । राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग ने अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र में संस्थान और ट्रेड के विकल्प बदलने / बढ़ाने का अवसर प्रदान किया है।
व्यावसायिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव एवं एससीवीटी के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया है कि राज्य में आईटीआई में प्रवेश की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 से जारी है। डीजीटी भारत सरकार से प्राप्त डायनेमिक सीट मैट्रिक्स के आधार पर पोर्टल पर सीटें प्रदर्शित की गई हैं।उन्होंने बताया कि कुछ संस्थानों द्वारा पूर्व में मैप किए गए एनसीवीटी व्यवसायों की यूनिटों/सीटों को अनमैप किए जाने के कारण उन्हें एससीवीटी पाठ्यक्रम में परिवर्तित किया गया है, जिससे एससीवीटी पाठ्यक्रमों की सीटों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं संस्थानों द्वारा छूटी हुई मैपिंग को पूरा करने से एनसीवीटी पाठ्यक्रमों में भी सीटें बढ़ी हैं।
अद्यतन सीट मैट्रिक्स के अनुसार सभी ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्र अपनी शैक्षिक योग्यता के आधार पर पोर्टल www.scvtup.in पर जाकर 09 अगस्त से 12 अगस्त 2026 के बीच अपने मनपसंद संस्थान और व्यवसाय के विकल्प को बदल सकते हैं या नए विकल्प जोड़ सकते हैं।विभाग द्वारा आवेदकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि छात्रों को उनके पसंदीदा ट्रेड व संस्थान में प्रवेश का अधिकतम अवसर मिल सके।





