लखनऊ। डांस, जुनून और डिजिटल प्लेटफॉर्म की दुनिया को पर्दे पर पेश करने वाली फिल्म थाप यू-ट्यूबर स्टार को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ने लगी है। 9 अगस्त को बक्शी का तालाब इलाके में चंद्रिका देवी मंदिर रोड पर स्थित व्हाइट हाउस में फिल्म का मुहूर्त हुआ। इस मौके पर अभिनेता अनिल रस्तोगी, आचार्य लव भूषण, अभिनेत्री व्योमा, राधिका सहित पूरी टीम के सदस्य उपस्थित रहे। फिल्म में सुशांत पुजारी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण गतिमान फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन पदम सिंह और सिद्धांत धरत कर रहे हैं। कार्यकारी निमार्ता संतोष वर्मा, कैमरामैन नरेश शाह है। निर्देशक पदम सिंह ने बताया कि करीब 40 दिन लखनऊ में शूटिंग चलेगी। इस दौरान बक्शी का तालाब, कुड़िया घाट, रूमी गेट जनेश्वर मिश्र पार्क सहित कई स्थानों पर फिल्म के दृश्यों को शूट किया जायेगा। निर्देशक पदम सिंह ने कहा, गतिमान फिल्म्स सिनेमाई दुनिया में गुणवत्ता, नवाचार और बेहतरीन कहानियों को बड़े पर्दे पर लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एक प्रोडक्शन हाउस के रूप में हमारा लक्ष्य नए दृष्टिकोण के साथ दर्शकों को एक अविस्मरणीय और प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव देना है। मुख्य किरदार निभा रहे सुशांत पुजारी ने कहा, गतिमान फिल्म्स के साथ इस बेहतरीन यात्रा की शुरूआत करते हुए मुझे बेहद गर्व और खुशी महसूस हो रही है। इस फिल्म में मेरा किरदार बहुत खास है, और हम पूरी मेहनत के साथ एक ऐसी कहानी पेश करेंगे जो दर्शकों को अंत तक बाँधे रखेगी।
अभिनेता अनिल रस्तोगी ने कहा, गतिमान फिल्म्स जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना और इस बेहतरीन टीम के साथ जुड़ना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है। लखनऊ की इस ऐतिहासिक सरजमीन पर बनी यह फिल्म अपनी सशक्त कहानी और अभिनय के बल पर दर्शकों पर एक गहरी छाप छोड़ेगी। आचार्य लव भूषण ने कहा, आज गतिमान फिल्म्स का यह शुभ मुहूर्त केवल एक नए सिनेमाई सफर की शुरूआत नहीं, बल्कि कला और सकारात्मक ऊर्जा का एक पवित्र संगम है। ईश्वर से प्रार्थना है कि यह प्रोजेक्ट सफलता के नए आयाम गढ़े और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाए। फिल्म की कहानी में डांस और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी पहचान बनाने का सपना देखने वाले युवा की यात्रा को प्रमुखता दी गई है। फिल्म का शीर्षक भी आज के दौर में यू-ट्यूब और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव की ओर संकेत करता है।फिल्म का मोशन पोस्टर जून 2026 में सामने आया था। पोस्टर के जरिए फिल्म की ऊर्जा और डांस से जुड़ी दुनिया की शुरूआती झलक दर्शकों को दी गई थी। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे खासतौर पर डांस और डिजिटल कंटेंट से जुड़े युवा दर्शकों के लिए आकर्षक प्रोजेक्ट के रूप में देखा जा रहा है। थाप यू-ट्यूबर स्टार के जरिए निमार्ताओं की कोशिश बड़े पर्दे पर उस बदलाव को दिखाने की है, जहां सोशल मीडिया और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को अपनी प्रतिभा दुनिया तक पहुंचाने का अवसर दे रहे हैं।





