स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के 16वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में, जन भवन, उत्तर प्रदेश से प्राप्त निदेर्शों के अनुपालन में विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जागरूकता कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जन भवन, उत्तर प्रदेश के निदेर्शानुसार विश्वविद्यालय की छात्राओं के लिए माँ-बेटी सम्मेलन के अंतर्गत एक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की लगभग 20 छात्राओं की रक्त जांच (ब्लड टेस्ट) कराई गई। इसके लिए सभी छात्राओं को विश्वविद्यालय से नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रेडक्रॉस, कैसरबाग, लखनऊ ले जाया गया, जहां उनका रक्त परीक्षण संपन्न कराया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की अतिथि शिक्षिकाओं डॉ. कृतिका त्रिपाठी एवं डॉ. काजल ओझा के निर्देशन में संपन्न हुआ। जांच की रिपोर्ट छात्राओं की माताओं के साथ साझा की जाएगी, ताकि परिवार स्तर पर उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। साथ ही, इन छात्राओं को दीक्षांत समारोह के दिन अपनी माताओं के साथ उपस्थित होकर माँ-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम में सहभागिता करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जिससे इस पहल को औपचारिक रूप से संपन्न किया जा सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना एवं उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी प्रदान की गईं। इसके साथ ही, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता की। अभियान के अंतर्गत कक्षाओं, कार्यालयों, प्रांगण तथा सम्पूर्ण परिसर की व्यापक रूप से साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने कहा कि स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता, एक सशक्त और जागरूक समाज की आधारशिला है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं अनुशासन की भावना का विकास करते हैं। विश्वविद्यालय सदैव ऐसे जनहितकारी आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध है। कुलसचिव एस. पी. सिंह ने कहा कि जन भवन, उत्तर प्रदेश के निदेर्शों के अनुपालन में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत सहायक है। भविष्य में भी विश्वविद्यालय इस प्रकार के अभियानों को निरंतर जारी रखेगा। दीक्षांत समारोह की संयोजक प्रो. सृष्टि माथुर ने बताया कि 16वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर जन भवन, उत्तर प्रदेश के निदेर्शानुसार समस्त कार्यक्रमों का संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप सुव्यवस्थित रूप से किया जा रहा है।





