back to top

बजरंगबली के दर्शन के लिए मंदिरों में लगी भक्तों की लंबी कतार

ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर राजधानी के हनुमान मंदिरों में उमड़ा जन सैलाब, शहर में जगह-जगह लगे भंडारे

लखनऊ। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ के सभी हनुमान मंदिरों में भक्तों की लंबी लंबी कतार नजर आयी। हर कोई पवनसुत के दर्शन के लिए आतुर दिखायी दिया। मंगलवार की भोर में मंदिरों के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन की आस लिए भक्तों की कतारें भोर चार बजे से ही लगनी शुरू हो गईं तो शहर के मुख्य बाजारों, गली-चौराहों पर दिनभर भंडारे का आयोजन चलता रहा। हर तरफ भंडारे का ही माहौल दिखायी दे रहा था।
अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में चौथे बड़े मंगल के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। बड़ा मंगल की शुरूआत इसी हनुमान मंदिर से मानी जाती है। साथ ही पुराने हनुमान मंदिर, छांछी कुंआ हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, त्रिलोचन हनुमान मंदिर चारबाग, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर हजरतगंज, पंचमुखी हनुमान मंदिर बीरबल साहनी मार्ग, कल्याण गिरि हनुमान मंदिर, छुआरे वाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, रकाबगंज हनुमान मंदिर, इंदिरानगर सी ब्लॉक हनुमान मंदिर, हाथी वाले बाबा हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में बड़ा मंगल पर विशेष व्यवस्था रही। बड़ा मंगल पर सड़कों और चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। भंडारों का आयोजन करने वाली संस्थाएं और लोग सोमवार सायंकाल से ही इसकी तैयारी करते नजर आए। भंडारों के स्थान पर छाया की व्यवस्था की गई थी फिर भी भीड़ और गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए। भंडारों में प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण किया गया। पूड़ी-सब्जी के साथ ही लौकी का कोफ्ता, छोला चावल, कढ़ी, बूंदी-बताशे, शरबत, दूध का वितरण किया गया।

दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में गूंजे बजरंगबली के जयकारे:
हजरतगंज में बने दक्षिणेश्वर मुखी हनुमान मंदिर में रात से भक्तों के जयकारे गूंजने लगे। बिजली की रंगबिरंगी झालरों से जगमगा रहे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। भक्तों ने केसरीनंदन को प्रसाद चढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

सुबह ही खुल गये थे कपाट:
मंदिर के सुनील पाठक ने बताया भोर से ही मंदिर के कपाट हनुमानजी के दर्शन के लिए खोल दिए गए थे। मंदिर के बाहर हुए भंडारे में हजारों की संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।

मंदिरों में आस्था का सैलाब:
रोशनी से जगमगाते मंदिर व फूलों से सजे हनुमान दरबार में भक्ति रस खूब बयार बही। शहर के प्रमुख मंदिरों में अलीगंज, हनुमान सेतु, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, पंचमुखीए छुआरे वाला हनुमान मंदिर, समेत शहर के सभी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा। जय हनुमान के जयकारे शहर की फिजाओं में गूंजे। अलीगंज समेत कई प्रमुख मंदिरों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से कतारें लगी। मंदिरों में कई श्रद्धालु दंडवती मुद्रा में परिक्रमा करते हुए पहुंचे।

सुन्दर कांड संग विशाल भण्डारा:
ज्येष्ठ माह के उपलक्ष्य में आज गंगोत्री धाम कॉलोनी, इब्राहिमपुर, निलमथा लखनऊ के मुख्य द्वार पर सुन्दर कांड एवं विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ बजरंगबली जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और साथ ही सुंदर काण्ड का पाठ किया गया। इसके उपरान्त कॉलोनी के सभी सदस्यों द्वारा भक्तजनों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण का कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर कॉलोनी के सभी सदस्यगणों ने भण्डारे के लिये तन मन और धन से बढ़ चढ़ कर सहयोग किया तथा अन्य सभी सहयोगकतार्ओं का धन्यवाद एवं आभार ब्यक्त किया।

हनुमान चालीसा पाठ संग भक्तों ने की पूजा-अर्चना

लखनऊ। राजधानी के पुराने हनुमान मंदिर पर सुबह चार बजे से ही भक्तों की लंबी लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी। हर कोई बजरंगबली के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करता दिखायी दिया। किसी के हांथ में फूलों की माला, प्रसाद तो किसी के हांथ में पवनसुत को चढ़ाने के लिए चोला नजर आ रहा था। हर कोई बजरंगबली के दर्शन कर अपनी सुख समृद्धि की कामना कर रहा था। हनुमान मंदिर सेवा समिति के सचिव दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे से ही भक्तों ने मंदिर आना शुरू कर दिया था। सुबह गुरुकुल आचार्यों और छात्रों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों के साथ आराधना की शुरूआत हुई, जिसके बाद महाआरती हुई। इसमें भक्तों ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर केसरी नंदन का कई कुंतल फूलों से श्रृंगार किया गया। एक भक्त ने मंदिर के लिए भव्य मखाने की माला का दान किया।

भंडारे में कहीं पूड़ी-सब्जी तो कहीं छांछ व शरबत बंटा
लखनऊ। जेठ के चौथे बड़े मंगल पर राजधानी में बजरंगबली को समर्पित भंडारे हर तरफ दिखायी दिये। प्रसाद के रूप में कहीं पूड़ी-सब्जी तो कहीं छाछ व शरबत बांटा गया। इसके अलावां कई जगह पर आइस्क्रीम, गोलगप्पे, बूंदी, रायता जैसी चीजें भक्तों को प्रसाद के रूप में बांटा गया।

खूब बांटा गया प्रसाद:

बड़े बड़े पंडालों में भक्ति गीत बजते हुए हनुमान जी के पहले बड़े मंगल पर प्रसाद बांटा गया। बड़े मंगल के दिन शहर भर में जगह जगह पर भंडारे का आयोजन हुआ। गलियों से लेकर चौराहों तक भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के ज्यादातर हिस्सों में भंडारे व प्याऊ लगाये गये। कई व्यंजनों को प्रसाद के रूप में बांटा गया जिसमें पूड़ी सब्जी सबसे प्रमुख रही। राजधानी में लाखों लोगों ने प्रसाद का ग्रहण किया। हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, पुराना लखनऊ, चारबाग हुसैनगंज व शहर के प्रमुख इलाकों समेत हर जगह पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया।

महिला मण्डल ने किया सुन्दरकाण्ड

लखनऊ। लाधू लाल जैन मार्ग स्थित किरौरी जी मन्दिर डालीगंज में ज्येष्ठ मास के चतुर्थ मंगलवार को महिला मण्डल डालीगंज की ओर से सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। मण्डल की विधि बंसल व दिपिका बंसल की अगुआई में शुरू हुये संगीतमय सुन्दरकाण्ड व भजन कीर्तन में लोगों ने खूब आनंद लिया। इस बीच युगल सरकार राधा रानी के जयकारे भी लगते रहे। बाद में प्रसाद वितरण किया गया।

विभिन्न केन्द्रों पर हुआ सुंदरकांड और भंडारा

लखनऊ। ज्येष्ठ के बड़े मंगल के अवसर पर श्री परमानंद हरि हर मंदिर की संस्थापिका सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल की अगुआई में मंगलवार 3 जून को लेखराज मेट्रो स्टेशन स्थित शिव शक्ति शनि देव मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड का पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। इसके साथ ही गोमती नगर वास्तुखण्ड के लोधेश्वर मंदिर, चिनहट स्थित श्री परमानंद हरि हर मंदिर, विकास नगर स्थित सगरेश्वर मंदिर, जबरी गढ़ी गाँव, अलीगंज, मंत्री आवास कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, मिश्रपुर स्थित महादेव मंदिर, बेहटा गांव, कमता स्थित पंचवटी मंदिर, चिनहट स्थित दक्षेश्वर मंदिर, आशियाना पॉवर हाउस, कठौता और जानकीपुरम स्थित शहर में विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड और भण्डारों के माध्यम से सनातन के प्रति जनजागृति लायी गई। भंडारे में छोला-चावल, पूड़ी-सब्जी के साथ-साथ बूंदी और जल की सेवा दी गई। अहिल्याबाई होल्कर की पुण्य स्मृति में सत्य सनातन नारी शक्ति के सुंदरकांड महा अभियान के तहत, सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल के आवाहन पर 13 मई से 10 जून तक ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल पर 101 मंदिरों में सुंदरकाण्ड का सामूहिक पाठ और भंडारों का आयोजन किया जा रहा है।

लेखराज स्थित शिवशक्ति शनिदेव मंदिर परिसर में आयोजित केन्द्रीय आयोजन में सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल ने कहा कि ज्येष्ठ के बड़े मंगल, प्रभु राम के अनुज लक्ष्मण की नगरी लखनपुरी की पहचान हैं। ज्येष्ठ का बडा, मंगल विश्व को बिना भेदभाव के प्रचंड धूप में भी मानव प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई होल्कर की पुण्यतिथि 31 मई को है। मराठा साम्राज्य की प्रसिद्ध महारानी अहिल्याबाई ने अपने राज्य की सीमाओं के बाहर भारत भर के प्रसिद्ध तीर्थों और स्थानों में मन्दिर बनवाए, घाट बँधवाए, कुओं और बावड़ियों का निर्माण, मार्ग बनवाए और काशी विश्वनाथ में शिवलिंग को स्थापित करवाया। इसके साथ ही भूखों के लिए अन्न क्षेत्र खोले, प्यासों के लिए प्याऊ की व्यवस्था की और मन्दिरों में विद्वानों की नियुक्ति कर शास्त्रों के मनन-चिन्तन की व्यवस्था भी की। सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल के अनुसार हनुमानजी को कलियुग का देवता कहा जाता है। वह आज भी धरती पर मौजूद हैं। वैसे तो हनुमानजी की पूजा के लिए मंगलवार के दिन का विशेष महत्व है लेकिन, ज्येष्ठ मास में आने वाले मंगलवार का महत्व और अधित बढ़ जाता है। इस क्रम में अंतिम पांचवां बड़ा मंगल 10 जून पर भी सपना गोयल की अगुवाई में सुंदरकांड और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिन्दुस्तान के विरुद्ध सक्रिय असुरीय शक्तियों को परास्त करने के साथ-साथ सशक्त और उन्नत राष्ट्र की कामना से प्रत्येक सनातनी को ह्लसुंदरकांड महा अभियान बने भारत वर्ष की पहचानह्व से जोड़ा जा रहा।

नवयुग में सुंदर काण्ड और भंडारे का आयोजन

लखनऊ। नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेंद्र नगर लखनऊ के प्रांगण मे ज्येष्ठ माह के चतुर्थ बड़े मंगल को संगीतमय सुंदरकांडपाठ एवं भंडारा का आयोजन किया गया। यह आयोजन अहिल्याबाई होल्कर सांस्कृतिक क्लब नवयुग कन्या महाविद्यालय राजेंद्र नगर लखनऊ केद्वारा नवयुग कन्या महाविद्यालय के संस्थापक बाबू दीनदयाल जी की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया।इस क्लब की संयोजिका प्रोफेसर मंजुला यादव एवं उनकी टीम के सदस्यों द्वारा किया गया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री विजय दयाल जी एवं महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय द्वारा हनुमान जी एवं बाबू दीनदयाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा दीप प्रज्ज्वलन गौरी गणेश के पूजन से किया गया। इसके पश्चात नवयुग परिवार के सभी सदस्यों द्वारा पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण किया गया। कवन सो काज कठिन जग माहीं जो नहि होत इस चौपाई के संपुष्ट से सुंदर काण्ड का संगीतमय पाठ किया गया। कार्यक्रम के अंत में हनुमान चालीसा एवं भजन का भी सुमधुर गान किया गया।

मंडली प्रमुख पुराण प्रवाचक आचार्य अनुराग बाजपेई एवं उनकी टीम के द्वारा सुंदर काण्ड का पाठ किया गया। उनके द्वारा समय समय पर विशेष संबद्ध प्रसंगों की व्याख्या भी की गई जैसे अशोक वृक्ष के प्रसंग में पर्यावरण संरक्षण की ओर सबका ध्यान आकृष्ट किये।इस अवसर पर महाविद्यालय सभी सम्मानित प्रवक्ताएं शोध छात्र- छात्राएं तथा महाविद्यालय की सभी छात्राएं एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। ए. पी सेन महाविद्यालय से डॉक्टर ऊषा पाठक, जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज बाराबंकी से डॉक्टर अर्चना सिंह, लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री कुलदीप नारायण मिश्रा जी पट्टी महाविद्यालय प्रतापगढ़ के प्राचार्य प्रोफेसर अखिलेश पांडे प्रसिद्ध अधिवक्ता हेमंत उपाध्याय, अनीता वाजपेयी, कालीचरण पीजी कॉलेज के प्राचार्य चंद्र मोहन उपाध्याय जी,क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी आशुतोष श्रीवास्तव,पी के घोष, प्रोफेसर सिद्धार्थ सिंह, विशाल शुक्ल, डॉ प्रवीण मिश्रा,आदि उपस्थित रहे।

एसएनए में सुंदरकांड व भंडारा
लखनऊ। उ.प्र. संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ द्वारा ज्येष्ठ माह के चतुर्थ मंगलवार, को अकादमी परिसर के पास सुंदर कांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम सुंदर कांड पाठ किया गया जिसमें अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह, निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर सहित अकादमी एवं जय घोष के समस्त कर्मी, अकादमी में संचालित कार्यशालाओं के प्रशिक्षक एवं अधिक संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे, और सुंदर कांड का पाठ किया।

सुंदर कांड पाठ के बाद भंडारा प्रारंभ किया गया जिसमें अकादमी के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अतिरिक्त कुलपति, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय प्रो. मांडवी सिंह, प्रमुख सचिव नवीन कुमार एवं सुहास एल वाई के साथ ही संस्कृति निदेशालय के सहायक निदेशक तुहिन द्विवेदी वित्त नियंत्रक दिलीप गुप्ता तथा बड़ी संख्या में विभाग के अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।

11 प्रकार के फलों से हुआ हनुमान जी का श्रृंगार

लखनऊ। चतुर्थ बड़े मंगल के अवसर पर लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में आज 11 प्रकार के विभिन्न फलों से किया गया श्रृंगार भक्तों द्वारा केले, आम, लीची, सेब, अनानास, खरबूजा, तरबूज, अनार आदि से भव्य श्रृंगार किया गया । बाद में भक्तों के बीच फलों का प्रसाद वितरित किया गया ।
आज का भंडारा ट्रस्ट के सचिव पंकज सिंह भदोरिया द्वारा संपन्न कराया गया जिसमे विशेष रूप से पनीर की सब्जी पुलाव एवं देसी घी का हलुवा भोग लगा कर वितरित किया गया । भंडारे का प्रारम्भ चिन्मय आश्रम के अध्यक्ष स्वामी कौशिक चैतन्य ने किया । इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री माननीय बृजेश पाठक जी की विशेष रूप से उपस्थिति रही । इसी के साथ ही हरदोई के सवायजपुर के विधायक मानवेंद्र सिंह जी पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अरविंद सिंह गोप जी उपस्थित रहे ।

हनुमान जी की भव्य आरती ट्रस्ट के मुख्य सेवादास डॉ विवेक तांगड़ी द्वारा उतारी गई । भंडारे का आयोजन मंदिर के सचिव डॉ पंकज सिंह भदौरिया, सर्वेश सिंह एवं शैलेष सिंह द्वारा किया गया । इस अवसर पर मंदिर के कोषाध्यक्ष ऋद्धि किशोर गौड़, अलकेश सोती, राजेश आनंद, प्रहलाद अग्रवाल, आनद मोहन, जगदीश जी, आशीष अग्रवाल, अखिलेश कुमार, शिवम् सिन्हा, अजय मेहरोत्रा एवं एनी उपस्थित रहे ।

उड़ान के भंडारे में महिलाओं ने प्रसाद वितरित किया
लखनऊ। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था उड़ान के तत्वावधान में आज दोपहर महालक्ष्मी मार्केट चांदन रोड इंदिरा नगर, लखनऊ में ज्येष्ठ मास के चौथे बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित बड़ा मंगल भंडारे में महिलाओं ने श्रद्धालु भक्तों में प्रसाद वितरित किया।
प्रात:काल हनुमत स्मरण के साथ सुंदरकांड का पाठ हुआ। इस अवसर पर उड़ान की अध्यक्ष सरिता सिंह और सचिव नरेंद्र यादव ने हनुमानजी की पूजा-अर्चना कर भोग लगाया। भंडारे में उड़ान समूह की सभी महिलाओं ने बजरंगबली का प्रसाद पूड़ी, सब्जी, छोला-चावल, मट्ठा, बूंदी, केला, आम का वितरण श्रद्धालु भक्तों और जरुरतमंदों में किया।

RELATED ARTICLES

जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपीस तिहुं लोक उजागर…

ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी के हनुमान मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, शहर में जगह-जगह लगे भंडारेलखनऊ। ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा...

अवधी, अवध और श्रीराम में घनिष्ठ सम्बंध

श्रीराम चन्द्र कृपालु राम स्तुति के साथ हुआलखनऊ। उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान की ओर से संस्थान सभागार में अवधी लोक साहित्य में राम विषयक...

30 हजार वर्गफीट पंडाल में गूंजेगी श्रीराम कथा

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी करेंगे अमृतवर्षालखनऊ। उत्सव द्वारा आयोजित 01 से 09 जून 2026 तक होने वाली नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा की तैयारियों...

जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपीस तिहुं लोक उजागर…

ज्येष्ठ माह के तीसरे बड़े मंगल पर राजधानी के हनुमान मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, शहर में जगह-जगह लगे भंडारेलखनऊ। ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा...

अवधी, अवध और श्रीराम में घनिष्ठ सम्बंध

श्रीराम चन्द्र कृपालु राम स्तुति के साथ हुआलखनऊ। उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान की ओर से संस्थान सभागार में अवधी लोक साहित्य में राम विषयक...

30 हजार वर्गफीट पंडाल में गूंजेगी श्रीराम कथा

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी करेंगे अमृतवर्षालखनऊ। उत्सव द्वारा आयोजित 01 से 09 जून 2026 तक होने वाली नौ दिवसीय भव्य श्रीराम कथा की तैयारियों...

नर सेवा नारायण सेवा के भण्डारे में उमड़ा जन-सैलाब

लखनऊ। परहित सरिस धर्म नहि भाई। परपीड़ा नहि सम अधमाई की युक्ति को चरितार्थ करती हुई ममता की पर्याय बन चुकी नर सेवा नारायण...

वरदा चतुर्थी आज, सुख-शांति के लिए होगी बप्पा की पूजा

जीवन में सुख-शांति का आगमन होता हैलखनऊ। हर माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि भगवान गणेश को समर्पित है। इस दिन...

KKR के लिए करो या मरो का मुकाबला, रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा MI

कोलकाता। टूर्नामेंट की खराब शुरुआत के कारण अगर मगर की कठिन डगर में फंसी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम को अगर इंडियन प्रीमियर...