ईरान में अली खामेनेई का अंतिम संस्कार कार्यक्रम 4, 5 और 6 जुलाई को होगा
तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने देश के दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत के प्रधानमंत्री को आधिकारिक निमंत्रण भेजा है। फरवरी में अमेरिका और इजरायल के विनाशकारी हमलों में जान गंवाने वाले पूर्व सर्वोच्च नेता का अंतिम संस्कार पहले मार्च में होना तय था, लेकिन मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के चलते इसे टालना पड़ा था।
अब इस भव्य विदाई समारोह के लिए ईरान सरकार ने राजधानी तेहरान में 4, 5 और 6 जुलाई को तीन दिनों की सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की है, जहां प्रशासन को लगभग 2 करोड़ लोगों के जुटने की उम्मीद है। तेहरान के ग्रैंड मोसाला में 4 और 5 जुलाई को विदाई समारोह व प्रार्थना सभा होगी, जबकि 6 जुलाई को जनाजा जुलूस निकाला जाएगा।
इसके बाद 7 जुलाई को कोम शहर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा और 9 जुलाई को उनके जन्मस्थान मशहद में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। इन दोनों शहरों में भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जबकि पड़ोसी देश इराक में 8 जुलाई को कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस बीच, हमले में घायल हुए खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई ने मार्च की शुरुआत में सर्वोच्च नेता का पद संभाल लिया है और वे देश के तीसरे सुप्रीम लीडर बन गए हैं, जो फिलहाल केवल आधिकारिक बयानों के जरिए संवाद कर रहे हैं।





