संयुक्त राष्ट्र । भारत के एक वरिष्ठ राजनयिक ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात कर बहुपक्षवाद के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में गुतारेस से मुलाकात की।विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, दोनों ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार और ग्लोबल साउथ को अधिक महत्व देने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। भारत इन मुद्दों का लगातार समर्थन करता रहा है, जिसमें भारत-संरा विकास भागीदारी कोष जैसी पहल भी शामिल हैं।
जॉर्ज सोमवार को यहां पहुंचे और अपने आधिकारिक दौरे की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।इस सप्ताह के दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की और महत्वपूर्ण बैठकों को संबोधित किया।जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद के उम्मीदवारों के साथ आयोजित संवाद सत्रों में भी भाग लिया। नए महासचिव जनवरी 2027 में कार्यभार संभालेंगे। गुतारेस इस वर्ष 31 दिसंबर को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे, जिन्होंने विश्व के शीर्ष राजनयिक के रूप में लगातार दो कार्यकाल पूरे किए हैं।





