मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के एक बेहद रोमांचक और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएस) ने मुंबई इंडियंस को उनके घर में ही 6 विकेट से शिकस्त देकर जीत का ‘पंजा’ लगा दिया है। मुंबई द्वारा दिए गए 244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद के बल्लेबाजों ने तूफानी प्रदर्शन किया और 18.4 ओवर में ही 249 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ सनराइजर्स 9 मैचों में 12 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस नौवें स्थान पर खिसक गई है।
हेड और अभिषेक की ‘आंधी’ में उड़ी मुंबई
244 रनों के भारी-भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद को ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अविश्वसनीय शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मात्र 8.4 ओवर में 129 रनों की साझेदारी कर जीत की नींव रखी। ट्रैविस हेड ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 30 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 8 गगनचुंबी छक्के और 4 चौके शामिल रहे। हालांकि हेड को मैच के दौरान नमन धीर ने तीन जीवनदान दिए, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। अभिषेक शर्मा ने भी 24 गेंदों में 45 रनों की तेज तर्रार पारी खेली।
क्लासेन और सलील अरोड़ा का फिनिशिंग टच
मध्यक्रम में विकेट गिरने के बाद हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संभाला और मुंबई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। क्लासेन ने मात्र 30 गेंदों में नाबाद 65 रन (4 छक्के, 7 चौके) बनाए। उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी के साथ 80 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अंत में युवा खिलाड़ी सलील अरोड़ा ने मात्र 10 गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर हैदराबाद को 8 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। मुंबई की ओर से अल्लाह गजनफर ने दो विकेट लिए, लेकिन वे काफी महंगे साबित हुए।
रिकेल्टन का ऐतिहासिक शतक गया बेकार
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने रेयान रिकेल्टन के रिकॉर्डतोड़ शतक की बदौलत 5 विकेट पर 243 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। रिकेल्टन ने मात्र 55 गेंदों में 123 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उन्होंने विल जैक्स (46) के साथ पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। कप्तान हार्दिक पंड्या ने भी 31 रनों का योगदान दिया, लेकिन उनकी ये मेहनत और रिकेल्टन का शानदार शतक हैदराबाद की ‘तूफानी’ बल्लेबाजी के आगे बेकार चला गया। हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाए।





